अगले तीन दिन में CM हाउस खाली कर देंगे शिवराज, इस बंगले में होंगे शिफ्ट; डेढ़ साल से चल रहा था इंटीरियर का काम, 2018 में हार के बाद इसी बंगले में रहे थे

भोपाल। मध्य प्रदेश के निवर्तमान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पद से विदा होने के बाद अगले तीन दिन में श्यामला हिल्स के सरकारी सीएम निवास को खाली कर देंगे। मुख्यमंत्री निवास खाली करने की प्रक्रिया आज से शुरू हो गई, जो अगले तीन दिन तक चलेगी। मंगलवार से सामान की शिफ्टिंग शुरू हो गई है। सामान की सुरक्षित पैकिंग, लोडिंग और अनलोडिंग के लिए पैकर्स एंड मूवर्स की सेवाएं ली गई है।
इस आलीशान बंगले में होंगे परिवार के साथ शिफ्ट
शिवराज लिंक रोड नंबर-1 स्थित 74 बंगला इलाके में स्थित B-8 में शिफ्ट होने जा रहे हैं। पहले चरण में CM हाउस से कीमती पेंटिंग्स, मोमेंटो और अन्य सामान की शिफ्टिंग की जा रही है। इस नए बंगले का पिछले डेढ़ साल से इंटीरियर का काम चल रहा था, जो लगभग पूरा हो गया है। शिवराज के रहने के लिए B-8 के साथ B-7 बंगले को तोड़कर शामिल कर एक नया बंगला तैयार हुआ है। इसमें गार्डन, पार्किंग, अलग-अलग एंट्री एंड एग्जिट गेट्स, सर्वेंट क्वार्टर और ऑफिस की सुविधाएं जुटाई गई हैं। इसका रंग-रोगन का काम पिछले डेढ़ साल से चल रहा था।
2005 में सांसद रहते हुआ था यह बंगला अलॉट
शिवराज ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में 2018 विधानसभा चुनाव में मिली हार का जिक्र किया। 2018 में मिली हार के बाद भी शिवराज सिंह चौहान लगभग 15 महीने तक इसी बंगले में रहे थे। उस समय B-8 बंगला छोटा था, क्योंकि B-7 बंगला बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान को अलॉट था। शिवराज को 74 बंगला इलाके में B-8 बंगला पहली बार तब अलॉट किया गया था जब वे 2005 में सांसद थे।





















