सेंसेक्स 120 अंक गिरकर 74,781 पर बंद, निफ्टी भी 79 अंक फिसला; रियल्टी-मेटल शेयरों पर दबाव

शेयर बाजार में आज यानी 11 सितंबर को गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स 120 अंक टूटकर 74,781 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी भी 79 अंक गिरकर 23,398 पर आ गया। बाजार में सबसे ज्यादा दबाव रियल्टी और मेटल शेयरों में देखने को मिला। वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेतों और विदेशी निवेशकों की बिकवाली ने घरेलू बाजार की चिंता बढ़ाई।
कच्चे तेल की कीमत बढ़ना बड़ी चिंता
मिडिल ईस्ट में जारी जंग और लाल सागर में जहाजों पर हमलों के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है। क्रूड ऑयल की कीमत एक हफ्ते में करीब 12% बढ़कर 108 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा कच्चे तेल के आयात से पूरा करता है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल महंगा होने का असर देश के आयात खर्च और महंगाई पर पड़ सकता है। इसी वजह से कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें शेयर बाजार के लिए भी चिंता का कारण बनी हुई हैं।
अमेरिकी बॉन्ड यील्ड बढ़ने से विदेशी निवेशकों पर असर
अमेरिका में 10 साल की बॉन्ड यील्ड बढ़कर 4.94% के पार चली गई है। अमेरिकी बॉन्ड से मिलने वाला रिटर्न बढ़ने पर विदेशी निवेशकों के लिए वहां निवेश आकर्षक हो जाता है। ऐसे में भारत जैसे उभरते बाजारों से विदेशी पूंजी निकलने का दबाव बढ़ सकता है। विदेशी संस्थागत निवेशकों यानी FII ने 10 सितंबर को भारतीय बाजार से ₹438 करोड़ के शेयर बेचे। घरेलू संस्थागत निवेशकों यानी DII ने खरीदारी के जरिए बाजार को संभालने की कोशिश की, लेकिन वैश्विक दबाव के सामने बाजार में गिरावट देखने को मिली।
एशियाई बाजारों में भी कमजोरी
भारतीय बाजार के साथ आज कई प्रमुख एशियाई बाजारों में भी गिरावट रही। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 124 अंक यानी 1.76% गिरकर 6,910 पर बंद हुआ। जापान का निक्केई 1,260 अंक यानी 1.93% गिरा और 64,011 पर आ गया। हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग भी 149 अंक यानी 0.60% की गिरावट के साथ 24,806 के स्तर पर बंद हुआ।
अमेरिकी बाजार भी पिछले दिन लाल निशान में रहे
इससे पहले 10 सितंबर को अमेरिकी शेयर बाजारों में भी गिरावट देखने को मिली थी। डाउ जोन्स 317 अंक यानी 0.60% गिरकर 52,064 पर बंद हुआ। नैस्डैक में 172 अंक यानी 0.65% की गिरावट रही और यह 26,082 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं S&P 500 भी 45 अंक यानी 0.58% गिरकर 7,592 पर आ गया था।
घरेलू निवेशकों ने बाजार को संभाला
विदेशी निवेशकों की बिकवाली के बीच घरेलू निवेशकों की खरीदारी बाजार के लिए सहारा बनी हुई है। पिछले 7 दिनों में DII ने भारतीय शेयर बाजार में ₹4,451 करोड़ की खरीदारी की है। पिछले 30 दिनों में घरेलू संस्थागत निवेशकों की खरीदारी ₹68,944 करोड़ रही। इसके उलट FII/FPI ने पिछले 7 दिनों में ₹864 करोड़ और पिछले 30 दिनों में ₹10,141 करोड़ की बिकवाली की है।
चांदी आज ₹3,742 सस्ती होकर ₹2.30 लाख किलो पर आई, 15 दिन में सोना ₹7 हजार और चांदी ₹14 हजार गिरी
कल तेजी के बाद आज बाजार गिरा
इससे पहले 10 सितंबर को भारतीय शेयर बाजार में तेजी रही थी। सेंसेक्स 138 अंक चढ़कर 74,903 पर बंद हुआ था। निफ्टी में भी 46 अंक की बढ़त रही और यह 23,478 के स्तर पर बंद हुआ था। उस दिन बैंकिंग और मीडिया शेयरों में खरीदारी देखने को मिली थी। हालांकि आज वैश्विक बाजारों की कमजोरी, कच्चे तेल की बढ़ती कीमत और विदेशी निवेशकों की बिकवाली के कारण बाजार पर दबाव बना रहा।




















