Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

चिता की आग पर कटोरे में पक रहा था मीट, पुलिस पहुंची तो भागने लगे आरोपी

शाहजहांपुर के पुवायां में श्मशान घाट में जलती चिता की आग पर मीट पकाने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
चिता की आग पर कटोरे में पक रहा था मीट, पुलिस पहुंची तो भागने लगे आरोपी
चिता की आग पर कटोरे में पक रहा था मीट

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के पुवायां क्षेत्र में श्मशान घाट के अंदर जलती चिता की आग पर मीट पकाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें श्मशान घाट में कुछ लोग आग के पास बर्तन में मीट पकाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने मामले में गांव नत्थापुर झंझटपुर निवासी रामचरन, राजेंद्र और सुरेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। तीनों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

अंतिम संस्कार के अगले दिन सामने आई घटना

मामला नत्थापुर गांव का है। जानकारी के मुताबिक गांव निवासी वीरपाल के पिता छोटेलाल का बीमारी के चलते 19 सितंबर को निधन हो गया था। अगले दिन 20 सितंबर को दोपहर में गांव के पास स्थित श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। शाम के समय वीरपाल अपने परिजनों के साथ चिता देखने के लिए श्मशान घाट पहुंचे। इसी दौरान उन्होंने वहां तीन लोगों को एक कटोरी में मीट पकाते हुए देखा। आरोप है कि मीट चिता से बची आग पर पकाया जा रहा था। वीरपाल ने जब इसका विरोध किया तो आरोप है कि तीनों ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस पहुंची तो भागने लगे आरोपी

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर वहां मौजूद तीनों लोग भागने लगे। इस दौरान पुलिस ने सुरेंद्र को मौके पर ही पकड़ लिया। घटना के बाद गांव के कई लोग थाने पहुंचे और मामले को लेकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने रविवार रात को ही रामचरन, राजेंद्र और सुरेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। इसके बाद सोमवार को पुलिस ने फरार बताए जा रहे राजेंद्र और रामचरन को भी गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों ने कहा- गलती हो गई

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि उनसे गलती हो गई। उन्होंने किसी तरह की तंत्र क्रिया करने की बात से इनकार किया। आरोपियों का कहना था कि वे तंत्र विद्या नहीं जानते और न ही किसी के कहने पर श्मशान घाट में कोई तंत्र क्रिया करने पहुंचे थे। पुलिस के सामने तीनों आरोपियों ने माफी भी मांगी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को भी देखा है।

ये भी पढ़ें: जमुई में नाबालिग छात्रा से बदसलूकी पर महिला आयोग सख्त, पुलिस से मांगी कार्रवाई की पूरी रिपोर्ट

शराब के नशे में मीट लेकर पहुंचने का दावा

पूछताछ के दौरान सामने आई जानकारी के मुताबिक राजेंद्र का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था और वह शराब पीने का आदी बताया गया है। परिजनों के अनुसार विवाद के चलते उसने दो दिनों से घर में खाना नहीं खाया था। आरोप है कि इसी वजह से वह करीब एक किलो मुर्गे का मीट लेकर आया और घर पर खाना बनाने के बजाय श्मशान घाट पहुंच गया। आरोपी सुरेंद्र के मुताबिक, राजेंद्र शराब के नशे में था। चिता पूरी तरह जल चुकी थी, लेकिन उसमें आग बची हुई थी। उसी आग पर राजेंद्र ने कटोरे में मीट पकाना शुरू कर दिया। सुरेंद्र ने उसे ऐसा करने से रोकने की कोशिश की लेकिन राजेंद्र ने कथित तौर पर यह कहते हुए उसकी बात नहीं मानी कि चिता की आग अब बची हुई है और इससे कोई दिक्कत नहीं होगी।

ये भी पढ़ें: सारंगपुर में शराब दुकान के विरोध में सड़क पर उतरीं आदिवासी महिलाएं, स्कूल के पास से हटाने की मांग

वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में

घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। आरोपियों की ओर से तंत्र क्रिया से इनकार किया गया है, जबकि शिकायतकर्ता पक्ष ने श्मशान घाट में चिता की आग पर मीट पकाने का आरोप लगाया है। जांच के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts