जमुई में नाबालिग छात्रा से बदसलूकी पर महिला आयोग सख्त, पुलिस से मांगी कार्रवाई की पूरी रिपोर्ट

पटना। जमुई जिले में 19 सितंबर की शाम नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ हुई बदसलूकी का मामला सामने आने के बाद पुलिस जांच तेज हो गई है। घटना का वीडियो अगले दिन सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद बिहार राज्य महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया। आयोग की अध्यक्ष अप्सरा मिश्रा ने जमुई के अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान की जा रही है।
वायरल वीडियो से सामने आया मामला
बताया जा रहा है कि 19 सितंबर को छात्र और छात्रा स्कूटर से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने रास्ते में उन्हें रोक लिया। वीडियो में युवकों की भीड़ दोनों को घेरती दिखाई दे रही है। आरोप है कि इस दौरान छात्रा के साथ अभद्र व्यवहार किया गया और उसे परेशान किया गया। छात्रा और उसके साथ मौजूद छात्र लोगों से उन्हें छोड़ने की गुहार लगाते नजर आते हैं।
गोवा में चिता जलाने के लिए नहीं थे पैसे, परिजनों ने श्मशान में लावारिस छोड़ा शव
महिला आयोग ने लिया तुरंत संज्ञान
वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा मिश्रा ने मामले की जानकारी ली। उन्होंने जमुई के जिलाधिकारी और पुलिस अधिकारियों से घटनाक्रम के बारे में बात की। आयोग ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और युवतियों के साथ इस तरह का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस ने वायरल वीडियो को जांच का अहम आधार बनाया है। जानकारी के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रही युवती की पहचान बाइक के नंबर के जरिए की गई। इसके बाद घटना में शामिल युवकों की पहचान का प्रयास शुरू हुआ। पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश में संभावित ठिकानों पर कार्रवाई की जा रही है।
पीड़िता से मिलेगी आयोग की टीम
महिला आयोग की अध्यक्ष ने बताया कि आयोग की टीम जल्द घटनास्थल का दौरा करेगी और पीड़िता से मुलाकात कर पूरी जानकारी लेगी। आयोग ने पुलिस को मामले में तेजी से कार्रवाई करने को कहा है। अध्यक्ष ने कहा कि दोषी व्यक्ति की पहचान होने के बाद उसके खिलाफ नियमों के मुताबिक कदम उठाया जाएगा।
पुलिस जांच के बाद साफ होगी पूरी तस्वीर
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो, प्रत्यक्ष जानकारी और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना में कितने लोग शामिल थे। महिला आयोग ने भी जांच पर नजर रखने की बात कही है।




















