Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

शहडोल में पत्नी और सास की हत्या का आरोपी गिरफ्तार, जंगल में छिपा था पति

शहडोल के गोहपारू में पत्नी रुचि और सास सावित्री की हत्या के आरोपी दिनेश रजक को पुलिस ने जंगल से गिरफ्तार किया। वारदात के बाद आरोपी गुजरात भाग गया था।
शहडोल में पत्नी और सास की हत्या का आरोपी गिरफ्तार, जंगल में छिपा था पति
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी लाल घेरे में

शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र के नवागांव में पत्नी और सास की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी दिनेश रजक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने 4 अक्टूबर को चरित्र पर संदेह के चलते पत्नी रुचि से विवाद किया था। बीच-बचाव करने पहुंची सास सावित्री पर भी उसने खटिया के पाए से हमला कर दिया था। गंभीर चोट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वारदात के बाद आरोपी दोनों शवों को कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया था।

चरित्र पर शक के चलते पत्नी से हुआ था विवाद

पुलिस के मुताबिक, नवागांव निवासी दिनेश रजक की शादी करीब एक साल पहले सीधी जिले के मझौली निवासी रुचि से हुई थी। 4 अक्टूबर को दिनेश ने पत्नी के चरित्र पर संदेह जताते हुए उससे विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। उस समय रुचि की मां सावित्री भी घर पर मौजूद थीं। वह अपनी बेटी को विदा कराकर ले जाने आई थीं। जब उन्होंने दोनों के बीच हो रहे विवाद में हस्तक्षेप कर बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। उसने खटिया के पाए से पत्नी और सास पर कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

चार दिन तक कमरे में बंद रहे मां-बेटी के शव

दोनों की हत्या करने के बाद आरोपी ने शवों को कमरे के अंदर छोड़ दिया और बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। इसके बाद चार दिनों तक किसी को घटना की जानकारी नहीं मिली। 8 अक्टूबर को मकान से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। उन्होंने इसकी सूचना गोहपारू पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का ताला तोड़ा तो अंदर मां-बेटी के शव मिले। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

Breaking News

गुजरात भागा, फिर जंगल में छिप गया आरोपी

दोहरी हत्या के बाद पुलिस ने आरोपी दिनेश रजक की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वह गुजरात भाग गया है। इसके बाद पुलिस टीम ने गुजरात में दबिश दी, लेकिन आरोपी वहां से भी भाग निकला। पुलिस के मुताबिक, गुजरात से निकलने के बाद आरोपी वापस गोहपारू क्षेत्र में आया और जंगल में छिप गया। पुलिस ने उसकी तलाश करते हुए घेराबंदी की और मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शुरू की आगे की कार्रवाई

पुलिस ने दिनेश रजक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते विवाद के दौरान इस वारदात को अंजाम दिया था।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts