सागर में वन भूमि पर कब्जा रोकने पहुंची टीम पर हमला, डिप्टी रेंजर का सिर फूटा

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के शाहगढ़ क्षेत्र में वन भूमि पर कथित अतिक्रमण रोकने पहुंची वन विभाग की टीम पर हमला करने का मामला सामने आया है। निवाही गांव में रविवार रात करीब 11:30 बजे ट्रैक्टर से वन भूमि की जुताई रोकने पहुंची टीम को 8 से 10 लोगों ने घेर लिया। आरोप है कि लोगों ने वनकर्मियों के साथ लाठी-डंडों और पत्थरों से मारपीट की। हमले में डिप्टी रेंजर शैलेंद्र कुमार तिवारी का सिर फूट गया, जबकि वनपाल नारायण सिंह पलिया भी घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
अतिक्रमण की सूचना पर पहुंची थी टीम
डिप्टी रेंजर शैलेंद्र कुमार तिवारी के मुताबिक, निवाही गांव में वन भूमि पर अतिक्रमण की सूचना मिली थी। रविवार रात कुछ लोग ट्रैक्टर से वन भूमि की जुताई कर रहे थे। इसकी जानकारी मिलने पर वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। टीम ने जुताई रोकने और ट्रैक्टर जब्त करने की कोशिश की। इसी दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि मौके पर मौजूद 8 से 10 लोगों ने वनकर्मियों को घेरकर लाठी-डंडों से मारपीट की और पथराव किया। हमले में डिप्टी रेंजर शैलेंद्र कुमार तिवारी और वनपाल नारायण सिंह पलिया घायल हो गए। दोनों को पहले शाहगढ़ स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
ट्रैक्टर के पिछले पहिये के नीचे आया व्यक्ति
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें ट्रैक्टर चालक वाहन को तेजी से आगे बढ़ाता दिखाई दे रहा है। इसी दौरान ट्रैक्टर का पिछला पहिया एक व्यक्ति के ऊपर से गुजरता नजर आता है। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच जाती है। घायल व्यक्ति दर्द से चिल्लाते हुए मदद मांगता सुनाई देता है। हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान और उसकी चोटों की स्थिति की पुष्टि अभी नहीं हुई है। घटना के पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
तीन नामजद आरोपियों पर केस दर्ज
घटना की सूचना मिलने पर शाहगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वन विभाग की शिकायत के आधार पर पुलिस ने निवाही निवासी हरिराम यादव, अमित यादव और हरेन्द्र यादव के खिलाफ मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की तलाश की जा रही है। ट्रैक्टर और उसके चालक को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। घटना में इस्तेमाल ट्रैक्टर को जब्त करने की कार्रवाई भी बाकी बताई गई है।
सागर: जनसुनवाई में युवक ने खुद पर डाला पेट्रोल, जमीन की नपती नहीं होने से था परेशान
वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई जानकारी
एसडीओ वन शोभना वर्मा ने बताया कि वन विभाग के कर्मचारियों के साथ मारपीट की घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिहाज से वन विभाग के कर्मचारी बंदूकें और डंडे साथ रखते हैं। शोभना वर्मा के मुताबिक, वरिष्ठ स्तर से मिलने वाले निर्देशों के अनुसार कर्मचारियों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, मामले में पुलिस की जांच जारी है।




















