डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने सपरिवार किए मां शारदा के दर्शन, मेला और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया
मैहर। मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने मंगलवार सुबह सपरिवार मैहर पहुंचकर त्रिकूट पर्वत पर विराजमान मां शारदा के दर्शन-पूजन किए। उन्होंने गर्भगृह में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और आरती में सम्मिलित होकर प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर पहुंचने पर प्रबंध समिति के पदाधिकारियों और मुख्य पुजारियों ने उप मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें अंगवस्त्र और प्रसाद भेंट किया। इस अवसर पर मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस बल के अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
मेले की तैयारियों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण
दर्शन-पूजन के उपरांत उप मुख्यमंत्री ने शारदीय नवरात्र मेले की तैयारियों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर व मेला क्षेत्र में दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही बुनियादी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली। उप मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से शुद्ध पेयजल, धूप से बचाव के लिए शेड/छाया, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं, दर्शन के लिए कतार (क्यू) प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
ये भी पढ़ें: मैहर में शारदीय नवरात्र मेले का भव्य आगाज: तड़के से उमड़ा आस्था का सैलाब
शुक्ल बोले-किसी भी श्रद्धालु को नहीं हो परेशानी
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि मेले के दौरान मां के दरबार में आने वाले किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि नवरात्र में देश के कोने-कोने से लाखों भक्त मैहर पहुंचते हैं, लिहाजा भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा पर विशेष सतर्कता बरती जाए। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस महकमे और मंदिर प्रबंध समिति को आपसी बेहतर तालमेल के साथ 24 घंटे व्यवस्थाएं सुचारू रखने के निर्देश दिए।






















