आगरा एक्सप्रेस-वे पर हादसा: पूर्व सांसद सुब्रत पाठक के काफिले की कार डिवाइडर से टकराई, सिपाही की मौत

कन्नौज। हादसा एक्सप्रेस-वे पर माइलस्टोन-145 के पास हुआ, जहां ड्राइवर ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और एयरबैग भी नहीं खुले। पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने पुलिस को सूचना दी और गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
स्कॉर्पियो के उड़े परखच्चे
हादसे के बाद स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए, जबकि एयरबैग भी नहीं खुले। माना जा रहा है कि हादसे के समय स्कॉर्पियो की रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटे से भी ज्यादा थी। हालांकि, गाड़ी की रफ्तार को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ये भी पढ़ें: 2017 से पहले कोई भी त्योहार आता था तो दंगा जरूर होता था, बरेली में बोले सीएम योगी
सुब्रत पाठक की कार हादसे वाली गाड़ी से 100 मीटर आगे थी
हादसे के समय पूर्व सांसद सुब्रत पाठक की कार दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो से करीब 100 मीटर आगे चल रही थी। हादसे की जानकारी मिलते ही सुब्रत पाठक रुक गए और डायल-112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद उन्होंने अन्य लोगों के साथ मिलकर काफी मशक्कत से गाड़ी में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला।
हेड कॉन्स्टेबल की मौत, सिपाही और ड्राइवर गंभीर
हादसे में घायल हेड कॉन्स्टेबल अभिषेक त्रिपाठी (50), सिपाही कुंवरपाल (51) और ड्राइवर शरद प्रकाश (32) को सुब्रत पाठक और अन्य लोगों की मदद से तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने अभिषेक त्रिपाठी को मृत घोषित कर दिया। अभिषेक फतेहपुर के रहने वाले थे, जबकि एटा निवासी सिपाही कुंवरपाल और औरैया निवासी ड्राइवर शरद प्रकाश गंभीर रूप से घायल हैं।
पुलिस और एक्सप्रेस-वे की टीम ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेस-वे की टीम मौके पर पहुंच गई। घायलों को गाड़ी से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सिपाही कुंवरपाल और ड्राइवर शरद प्रकाश का इलाज किया गया। दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें कानपुर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को हटवाकर किनारे कराया, वहीं एसपी विनोद कुमार भी पुलिस फोर्स के साथ मेडिकल कॉलेज पहुंचे।




















