Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सतना में मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, 1 की मौत, 25 घायल

सतना के दुरेहा घाट में तेज रफ्तार पिकअप पलटने से एक मजदूर की मौत और करीब 25 घायल हो गए। मजदूरों ने चालक पर तेज रफ्तार से वाहन चलाने का आरोप लगाया।
सतना में मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, 1 की मौत, 25 घायल
हादसे के बाद सड़क किनारे पलटा पड़ा वाहन और बिखरा पड़ा सामान।

सतना जिले के जसो थाना क्षेत्र के दुरेहा घाट में मंगलवार दोपहर मजदूरों से भरी तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 25 मजदूर घायल हो गए। पिकअप में 30 से 40 मजदूर सवार थे। घायलों को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से नागौद सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। घायल मजदूरों का आरोप है कि उन्होंने चालक को गाड़ी की रफ्तार धीमी करने के लिए कहा था, लेकिन उसने उनकी बात अनसुनी कर दी।

दुरेहा घाट के मोड़ पर पलटी पिकअप

हादसा मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक, मजदूरों से भरी पिकअप दुरेहा घाट के खतरनाक मोड़ से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सड़क किनारे पलट गई। वाहन में बड़ी संख्या में मजदूर सवार होने के कारण हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर जसो थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और उन्हें नागौद सिविल अस्पताल भिजवाया।

मजदूरों ने चालक पर लगाया लापरवाही का आरोप

घायल मजदूरों के मुताबिक, चालक शुरुआत से ही पिकअप तेज रफ्तार में चला रहा था। रास्ते में कई मजदूरों ने उसे वाहन की गति धीमी रखने के लिए कहा, लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी। इसके बाद दुरेहा घाट के मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन पलट गया।

Breaking News

मूंगफली तोड़ने के काम के लिए जा रहे थे मजदूर

जानकारी के अनुसार, पिकअप तुशगवा पटिहट से मजदूरों को लेकर छतरपुर जा रही थी। वाहन में सवार सभी मजदूर मूंगफली तोड़ने के काम के लिए निकले थे। इसी दौरान दुरेहा घाट में यह सड़क हादसा हो गया। जसो थाना पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को कब्जे में लेकर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts