शहडोल के फुटबॉल खिलाड़ी ट्रेनिंग लेंने जाएंगे जर्मनी, पीएम मोदी ने मन की बात में दी खुशखबरी

नई दिल्ली/भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को मन की बात कार्यक्रम के 125वें एपिसोड में मध्यप्रदेश के शहडोल के फुटबॉल खिलाड़ियों का जिक्र करते हुए एक बड़ी उपलब्धि साझा की। उन्होंने बताया कि शहडोल के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अब जर्मनी में जाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर की फुटबॉल ट्रेनिंग मिलेगी।
पॉडकास्ट से जुड़ी शहडोल की कहानी
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि हाल ही में वे दुनिया के प्रसिद्ध पॉडकास्ट होस्ट लेक्स फ्रिडमैन के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस बातचीत के दौरान उन्होंने शहडोल के एक गांव का जिक्र किया, जहां फुटबॉल का क्रेज और जुनून बेहद खास है। उन्होंने कहा कि दो साल पहले शहडोल की यात्रा के दौरान वहां के युवा खिलाड़ियों से उनकी मुलाकात हुई थी, जिसने उन्हें गहराई से प्रभावित किया था।
जर्मन कोच ने दिखाई रुचि
पीएम मोदी ने कहा कि उनके पॉडकास्ट को जर्मनी के फुटबॉल खिलाड़ी और कोच डिटमार बायर्सडॉर्फर ने भी सुना। शहडोल के युवाओं की फुटबॉल यात्रा ने उन्हें प्रभावित किया और उन्होंने भारत में जर्मनी के दूतावास से संपर्क किया। इसके बाद उन्होंने पत्र लिखकर अपनी इच्छा जताई कि वे शहडोल के खिलाड़ियों को ट्रेनिंग देना चाहते हैं।
जर्मनी की फुटबॉल अकादमी में मिलेगा प्रशिक्षण
मोदी ने बताया कि कोच बायर्सडॉर्फर ने शहडोल के चुनिंदा खिलाड़ियों को जर्मनी की फुटबॉल अकादमी में ट्रेनिंग देने की पेशकश की है। इस पहल पर मध्यप्रदेश सरकार ने भी उनसे संपर्क किया है। जल्द ही शहडोल के कुछ युवा खिलाड़ी जर्मनी जाकर इस विशेष ट्रेनिंग कोर्स में हिस्सा लेंगे।
प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का क्षण : सीएम
भारत में फुटबॉल का बढ़ता क्रेज
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि “यह देखकर बहुत खुशी होती है कि भारत में फुटबॉल की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। शहडोल के युवाओं की मेहनत और जुनून अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बना रहा है।” उन्होंने फुटबॉल प्रेमियों से अपील की कि वे जब भी मौका मिले शहडोल जाएं और वहां के स्पोर्टिंग रिवॉल्यूशन को करीब से देखें।





















