सिवनी मालवा में निकली विशाल तिरंगा यात्रा, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने बढ़ाया उत्साह

सिवनी मालवा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सिवनी मालवा नगर पालिका द्वारा गुरुवार को विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में नगरवासियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और सामाजिक संगठनों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा में मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा भी शामिल हुए और हाथ में तिरंगा लेकर लोगों का उत्साह बढ़ाया।
बानापुरा ओवरब्रिज से शुरू हुई यात्रा
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ उपनगरी बानापुरा स्थित ओवरब्रिज से किया गया। यात्रा शुरू होते ही पूरा क्षेत्र देशभक्ति के नारों और तिरंगे से सराबोर नजर आया। बड़ी संख्या में लोग हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों और नारों के बीच लोगों ने भारत माता के जयकारे लगाए।

प्रमुख मार्गों से होते हुए शिवराज पार्क पहुंची यात्रा
बानापुरा ओवरब्रिज से शुरू हुई तिरंगा यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सिवनी मालवा के शिवराज पार्क पहुंची। रास्तेभर लोगों ने तिरंगा लहराकर यात्रा का स्वागत किया। यात्रा में शामिल लोगों के हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने स्वतंत्रता दिवस से पहले नगर में राष्ट्रभक्ति का माहौल बना दिया। यात्रा के दौरान लोगों में काफी उत्साह दिखाई दिया। नगरवासियों ने भी जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा इस आयोजन का हिस्सा बने।
ये भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में अब 24 घंटे खुलेंगी दुकानें और होटल-मॉल, कर्मचारियों के काम के घंटे तय
शहीदों को दी श्रद्धांजलि
तिरंगा यात्रा के शिवराज पार्क पहुंचने के बाद शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित लोगों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन किया। इस दौरान देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश के वीर जवानों के बलिदान को याद करते हुए उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। इसके बाद तिरंगा यात्रा का विधिवत समापन किया गया।

डिप्टी सीएम बोले- हर परिवार अपने घर पर तिरंगा लगाए
इस अवसर पर मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि इस समय पूरे देश में तिरंगा यात्रा, घर-घर तिरंगा और हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘मैं अपील करूंगा कि हिंदुस्तान का हर परिवार अपने घर पर तिरंगा लगाए और गर्व महसूस करे। हमें अपने देश पर बहुत गर्व महसूस होता है।’ उन्होंने कहा कि ‘स्वतंत्रता दिवस हम सभी के लिए गौरव का पर्व है। देश को आजादी दिलाने वाले वीर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए हमें राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए।‘ उन्होंने कहा कि ‘तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करते हैं और नई पीढ़ी को देश के लिए किए गए बलिदानों की जानकारी देते हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश भी पहुंचता है।’
ये भी पढ़ें: भाजपा विधायक संजय पाठक की कंपनी से 1.5 करोड़ की सायबर ठगी, जांच में जुटी पुलिस












