भाजपा विधायक संजय पाठक की कंपनी से 1.5 करोड़ की सायबर ठगी, जांच में जुटी पुलिस

कटनी। विजयराघवगढ़ से विधायक संजय पाठक की कंपनी के साथ 1.5 करोड़ रुपए की बड़ी सायबर ठगी का मामला सामने आया है। एसपी कटनी अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि मामले में कोतवाली थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। सायबर सेल की मदद से जांच जारी है और आरोपियों को ट्रेस करने के प्रयास किए जा रहे हैं। साइबर जालसाजों ने कंपनी के सीनियर डायरेक्टर के मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर सीनियर अकाउंटेंट को एक फर्जी मैसेज भेजा।
बिना पड़ताल किए कर दिए रुपए ट्रांसफर
अकाउंटेंट ने इसे वरिष्ठ अधिकारी का निर्देश मानकर बिना जांच-पड़ताल के 1.5 करोड़ रुपए बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए। विधायक संजय पाठक के मुताबिक, बाकी रकम साइबर ठगों द्वारा कोलकाता में आहरित कर ली गई है। घटना के दौरान विधायक संजय पाठक फ्लाइट में यात्रा कर रहे थे। शाम करीब 5 बजे प्लेन से उतरने के बाद जब उन्हें इस बड़े लेन-देन की जानकारी मिली, तो पड़ताल में खुलासा हुआ कि डायरेक्टर की ओर से ऐसा कोई मैसेज भेजा ही नहीं गया था। ठगी का अहसास होते ही तुरंत पुलिस अधीक्षक को सूचित किया गया। कटनी सायबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधियों द्वारा ट्रांसफर की जा रही राशि में से लगभग 16 लाख रुपये तुरंत होल्ड (फ्रीज) करवा दिए।
ये भी पढ़ें: चमोली के पीपलकोटी में THDC की टनल धंसी, 18-20 मजदूरों के फंसे होने की आशंका
सायबर सेल की मदद से की जा रही जांच
'कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर सायबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी गई है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ठगों द्वारा ट्रांसफर की जा रही राशि में से 16 लाख रुपए तत्काल प्रभाव से होल्ड (फ्रीज) करा दिए हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।'
अभिनय विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक, कटनी
ये भी पढ़ें: सुखबीर बादल पर हमला करने वाला जसपाल सिंह कौन? सामने आई आरोपी की पूरी जानकारी












