Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

संकल्प वृद्धाश्रम में बुजुर्गों का सम्मान, सांसद आलोक बोले- बुजुर्ग हमारे लिए ईश्वर का अवतार, इनकी सेवा करें

सीहोर के संकल्प वृद्धाश्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान के तहत वृद्धजनों के सम्मान का आयोजन किया गया। भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने बुजुर्गों को पुष्पहार पहनाकर और उपहार भेंट कर सम्मानित किया और उनकी सेवा को ईश्वर की सेवा के समान बताया।
संकल्प वृद्धाश्रम में बुजुर्गों का सम्मान

सीहोर। सेवा, सम्मान और संवेदना के भाव से संकल्प वृद्धाश्रम में ऐसा आयोजन हुआ, जहां बुजुर्गों के चेहरों पर सम्मान की मुस्कान दिखाई दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत वृद्धजनों के सम्मान का कार्यक्रम आयोजित किया गया। भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने वृद्धजनों को पुष्पहार पहनाकर और उपहार भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बुजुर्ग हमारी धरोहर हैं और इनकी सेवा करना ईश्वर की सेवा के समान है।

दीप प्रज्ज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भोपाल सांसद आलोक शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, विधायक सुदेश राय और नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर सहित अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इसके बाद वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों का सम्मान किया गया।

ये भी पढ़ें: सीहोर क्रिसेंट गरबा: उतरन की तपस्या और नागिन फेम रश्मि देसाई होंगी शामिल, 16 अक्टूबर को फाइनल राउंड

सम्मान पाकर खिले बुजुर्गों के चेहरे

वृद्धजनों को पुष्पहार पहनाकर तथा उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान के इस भावुक पल ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को भी भावविभोर कर दिया। आयोजन का उद्देश्य केवल बुजुर्गों को सम्मान देना ही नहीं, बल्कि समाज में उनके प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का भाव मजबूत करना भी रहा।

सांसद बोले- बुजुर्ग बोझ नहीं, ईश्वर का आशीर्वाद

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि माता-पिता अपने जीवन में अनेक कठिनाइयां सहकर बच्चों का पालन-पोषण करते हैं। उन्होंने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा परिवार और बच्चों के भविष्य को संवारने में लगा दिया। ऐसे में हमारा भी दायित्व है कि जीवन के इस पड़ाव पर हम उनके प्रति अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से पालन करें। उन्होंने कहा कि माता-पिता, दादा-दादी और नाना-नानी परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। वे हमारे ऊपर कोई बोझ नहीं, बल्कि ईश्वर का ऐसा आशीर्वाद हैं, जिसकी सेवा का अवसर मिलना स्वयं सौभाग्य की बात है।

Breaking News

संयुक्त परिवार टूटे तो बढ़ी वृद्धाश्रमों की जरूरत

आलोक शर्मा ने कहा कि भारत में जब संयुक्त परिवारों की परंपरा मजबूत थी, तब बुजुर्ग परिवार के बीच ही सुरक्षित और सम्मानित जीवन जीते थे। परिवार के हर सदस्य के जीवन में दादा-दादी और नाना-नानी की महत्वपूर्ण भूमिका होती थी। उन्होंने कहा कि पाश्चात्य संस्कृति के बढ़ते प्रभाव और संयुक्त परिवारों के विघटन के कारण वृद्धाश्रमों की संख्या बढ़ रही है। यह स्थिति समाज के लिए आत्ममंथन का विषय है।

हर कार्यकर्ता बुजुर्गों को परिवार का हिस्सा माने

सांसद ने कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं और आमजनों को संकल्प दिलाते हुए कहा कि वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों को अपने परिवार का हिस्सा मानकर उनकी सेवा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सेवा केवल किसी विशेष अवसर तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे जीवन का संस्कार बनाया जाना चाहिए। उन्होंने अपील की कि जन्मदिन और अन्य अवसरों पर अनावश्यक बैनर-पोस्टर लगाने के बजाय वृद्धजनों की जरूरत की वस्तुएं उपलब्ध कराने में सहयोग करें।

दिव्यांग गायिका की प्रस्तुति ने बांधा समां

कार्यक्रम के दौरान भोपाल की दिव्यांग गायिका फाल्गुनी पाठक ने सुमधुर प्रस्तुति देकर वातावरण को भावनात्मक और आनंदमय बना दिया। उनकी प्रस्तुति को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। इसके बाद भोपाल की नाट्य मंडली ने सामाजिक संदेश पर आधारित नाट्य मंचन प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से परिवार में बुजुर्गों के सम्मान और उनके प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

ये भी पढ़ें: सीहोर में शिक्षक ने किया सराहनीय कार्य, 8 हजार रुपए जुटाए; 800 फीट दूर डीपी से स्कूल तक पहुंचाई बिजली

भाजपा नेताओं ने भी सेवा को बताया सामाजिक जिम्मेदारी

कार्यक्रम को भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा एवं विधायक सुदेश राय ने भी संबोधित किया। दोनों ने वृद्धजनों के सम्मान और सेवा को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताया। संकल्प वृद्धाश्रम के संचालक राहुल सिंह ने स्वागत भाषण दिया और आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डाला।

सेवा का संकल्प लेकर लौटे कार्यकर्ता

कार्यक्रम में भाजपा नेता सन्नी महाजन, सीताराम यादव, राजकुमार गुप्ता, सुरेंद्र मेवाड़ा, रवि नागले, प्रितेश राठौर, सुदीप प्रजापति, सुशील ताम्रकार सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। आयोजन ने यह संदेश दिया कि बुजुर्गों की सेवा केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना और संस्कार की पहचान भी है। 

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...Read More

Latest Posts