पन्ना : डेयरी के 900 लीटर दूध में मिलीं मरी मक्खियां, खाद्य विभाग ने दूध के सैंपल भेजे

पन्ना। जिले में दूध की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। बृजपुर थाना क्षेत्र स्थित एक डेयरी में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापामार कार्रवाई के दौरान मिल्क चिलिंग मशीन में रखे करीब 900 लीटर दूध में मरी हुई मक्खियां और कचरा मिला। यह देखकर जांच टीम भी हैरान रह गई। अधिकारियों ने मौके से दूध के नमूने लेकर राज्य प्रयोगशाला भेज दिए हैं और डेयरी संचालक को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
CM हेल्पलाइन शिकायत के बाद पहुंची टीम
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजेश राय ने बताया कि कार्रवाई CM हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत और प्रदेशव्यापी खाद्य निरीक्षण अभियान के तहत की गई। टीम जब पूजा दुग्ध डेयरी पहुंची तो वहां स्वच्छता की स्थिति बेहद खराब मिली। निरीक्षण के दौरान दूध भंडारण व्यवस्था में गंभीर लापरवाही सामने आई।
चिलिंग टैंक में तैर रही थीं मक्खियां
जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि चिलिंग मशीन में रखा दूध पूरी तरह सुरक्षित नहीं था। दूध में मरी हुई मक्खियां और अन्य गंदगी मिली, जिससे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता था। विभाग ने तत्काल दूध के दो नमूने लेकर परीक्षण के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजे और पूरी कार्रवाई का पंचनामा तैयार किया।
पहले भी दी गई थी चेतावनी
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार संबंधित डेयरी को पहले भी स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन दोबारा गंभीर अनियमितताएं मिलने पर अब खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा-32 के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। डेयरी संचालक सुरेश कुमार साहू को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
डॉ. राजेश राय ने कहा कि दूध जैसी दैनिक उपयोग की खाद्य सामग्री में इस प्रकार की गंदगी मिलना बेहद गंभीर मामला है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: हरदा : जिला पंचायत CEO का औचक निरीक्षण, स्कूल में शिक्षक गायब मिले; नोटिस जारी करने के निर्देश












