सीहोर में 11 फीट के अजगर से मचा हड़कंप; भूसे के ढेर से निकलकर सोयाबीन में जा छिपा, ग्रामीणों में रही दहशत
सीहोर। ग्राम शंकरपुरा करलत पठार निवासी गफ्फार भाई के खेत पर बने मकान के पास भूसे का ढेर लगा था। इसी ढेर में ग्रामीणों की नजर अचानक एक विशाल अजगर पर पड़ी। करीब 11 फीट लंबे अजगर को देखते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने दूरी बनाकर उसकी गतिविधियों पर नजर रखी। इसी दौरान लोगों की हलचल से अजगर भूसे के ढेर से बाहर निकला और नजदीक के सोयाबीन खेत में घुस गया।
फसल में घुसते ही बढ़ी ग्रामीणों की चिंता
अजगर के सोयाबीन की घनी फसल में छिप जाने के बाद उसे ढूंढना और पकड़ना चुनौती बन गया। खेत में काम करने वाले लोगों के साथ आसपास के ग्रामीण भी सतर्क हो गए। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल अहमदपुर थाना पुलिस और वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना के बाद ग्रामीण मौके पर डटे रहे और फसल के आसपास निगरानी करते रहे।
दो घंटे तक टीम का इंतजार, फसल में चला ऑपरेशन
सूचना मिलने के बाद वन विभाग की रेस्क्यू टीम को मौके पर पहुंचने में करीब दो घंटे लगे। इस दौरान ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा रही। टीम के पहुंचने के बाद सोयाबीन की फसल में अजगर की तलाश शुरू की गई। घनी फसल के बीच अजगर की मौजूदगी का पता लगाना और उसे सुरक्षित तरीके से बाहर निकालना रेस्क्यू टीम के लिए आसान नहीं था।
पुलिस-वन विभाग ने संभाला मोर्चा
अहमदपुर थाने के आरक्षक तेज सिंह, राहुल देवड़ा और भगवान सिंह मालवीय सहित वन विभाग की टीम ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम ने बताया कि सावधानीपूर्वक फसल के बीच अजगर की तलाश की। किसी भी तरह की जल्दबाजी से बचते हुए उसे सुरक्षित पकड़ने की कोशिश की गई, ताकि अजगर और मौके पर मौजूद लोगों दोनों को नुकसान न पहुंचे।
ये भी पढ़ें: गोटमार मेला-झंडे को जीतने के लिए पांढुर्णा में जारी है जंग, पत्थरों से लहूलुहान हुए खिलाड़ी
मशक्कत के बाद सुरक्षित पकड़ा गया अजगर
कड़ी मशक्कत और सूझबूझ के बाद टीम ने 11 फीट लंबे अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। अजगर के कब्जे में आते ही मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन विभाग की टीम ने उसे विशेष बैग में सुरक्षित रखा और मौके से हटाया। विशाल अजगर के रेस्क्यू के बाद खेत मालिक और ग्रामीणों की चिंता भी दूर हुई।
अब आबादी से दूर जंगल में छोड़ा जाएगा
वन विभाग के अनुसार रेस्क्यू किए गए अजगर को आबादी क्षेत्र से दूर घने जंगल में सुरक्षित छोड़ा जाएगा। इस कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने पुलिस और वन विभाग की टीम का आभार जताया।
ये भी पढ़ें: पुल की मांग के सवाल पर भड़के सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, बोले- काम की बात नहीं करते, सिर्फ कमियां गिनाते हो






















