सयाजी में खाना खाया जी...! होटल के किचन में वेज-नॉनवेज साथ,चूहे-कॉकरोच का डेरा

इंदौर। “सयाजी में खाना खाया जी!” शहर में यह नाम सुनते ही लोगों के जेहन में पांच सितारा होटल और बेहतर खान-पान की तस्वीर उभरती है। लेकिन गुरुवार रात खाद्य विभाग और FSSAI पश्चिम क्षेत्र की संयुक्त टीम जब होटल के किचन में पहुंची तो वहां की व्यवस्थाओं ने कई सवाल खड़े कर दिए।
खाद्य विभाग की टीम ने रात करीब 10.30 बजे सयाजी होटल और क्लब में संचालित किचन की जांच की। निरीक्षण के दौरान खाद्य सामग्री के रखरखाव से लेकर स्वच्छता और लाइसेंस व्यवस्था तक कई खामियां सामने आईं। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि किचन के कोल्ड स्टोरेज में वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री एक साथ रखी मिली। करीब 66 किलो नॉनवेज सामग्री बिना पैकिंग के मिली। उस पर निर्माण की तारीख का लेबल भी नहीं था।
सयाजी में खाना खाया जी... लेकिन किचन में क्या मिला?
खाद्य विभाग की टीम के सामने सवाल सिर्फ खाने की गुणवत्ता का नहीं, बल्कि उस जगह की स्वच्छता का भी था जहां से लोगों के लिए भोजन तैयार किया जा रहा था। जांच के दौरान किचन परिसर में कॉकरोच और चूहों का मल मिला। टीम को किचन में चूहे भी दिखाई दिए। यानी जिस किचन से मेहमानों की प्लेट तक खाना पहुंच रहा था, वहां कीट नियंत्रण व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए।
वेज-नॉनवेज साथ, सी-फूड के साथ चिकन-मटन
किचन के कोल्ड स्टोरेज की जांच में वेज और नॉनवेज सामग्री को अलग-अलग रखने के बजाय साथ रखा हुआ मिला। सी-फूड, चिकन और मटन भी एक साथ रखे मिले। जांच में खाद्य सामग्री को सुरक्षित रखने के लिए निर्धारित तापमान का पालन नहीं किए जाने की बात भी सामने आई। अधिकारियों ने स्टोरेज की व्यवस्थाओं को भी जांचा।
66 किलो नॉनवेज बिना पैकिंग और तारीख के
टीम को करीब 66 किलो नॉनवेज सामग्री बिना पैकिंग के मिली। सामग्री पर निर्माण की तारीख का लेबल भी नहीं था। खाद्य विभाग ने मौके से पनीर, नॉनवेज, मूंगफली, सौंफ और ड्रायफ्रूट्स सहित अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए हैं। इनकी जांच रिपोर्ट के बाद खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।
ये भी पढ़ें: वंदे मातरम को लेकर आमने-सामने कांग्रेस-BJP, शाह के हमले पर जयराम रमेश का जवाब
जंग लगे बर्तन और भोजन बनाने वाले प्लेटफॉर्म पर भी जंग
जांच के दौरान ड्राय स्टोरेज के कंटेनर और नॉनवेज स्टोरेज में इस्तेमाल किए जा रहे बर्तनों में जंग पाया गया। जिस प्लेटफॉर्म पर भोजन तैयार किया जाता है, वहां भी जंग मिलने की जानकारी सामने आई। खाद्य सामग्री तैयार करने वाले स्थान पर इस तरह की स्थिति को लेकर अधिकारियों ने किचन की स्वच्छता व्यवस्था की जांच की।
ये भी पढ़ें: ‘मैंने कोई पत्र देखा ही नहीं’, चंपत राय की 9 पन्नों की चिट्ठी पर पहली बार बोले नृपेंद्र मिश्रा
सड़े आलू-टमाटर, मूंगफली में फंगस
किचन के पास सब्जियां रखने वाले स्टोर में सड़े हुए आलू और टमाटर मिले। वहीं, मूंगफली में फंगस पाई गई। इसके अलावा कई खाद्य उत्पाद उचित लेबल के बिना मिले। खाद्य विभाग ने मौके की स्थिति को दर्ज करते हुए खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।
ये भी पढ़ें: लोन के नाम पर बड़ा खेल! ग्राहकों के दस्तावेजों से खुलवाए फर्जी खाते, 22.88 लाख का फर्जीवाड़ा
लाइसेंस में नॉनवेज नहीं, फिर भी निर्माण
जांच में लाइसेंस को लेकर भी सवाल सामने आए। अधिकारियों के मुताबिक होटल के पास FSSAI का सेंट्रल कैटेगरी लाइसेंस नहीं मिला। जांच टीम के अनुसार होटल को मिले लाइसेंस में नॉनवेज का उल्लेख नहीं था, जबकि किचन में नॉनवेज खाद्य सामग्री का निर्माण किया जा रहा था।
ये भी पढ़ें: Raipur: IGKV पेपर लीक मामले में कृषि मंत्री नेताम ने दिए FIR के निर्देश,परीक्षा निरस्त
बिना लाइसेंस बेकरी और मिठाई का निर्माण
निरीक्षण के दौरान होटल में बेकरी आइटम और मिठाई का निर्माण भी पाया गया। अधिकारियों के मुताबिक इसके लिए आवश्यक लाइसेंस उपलब्ध नहीं था।खाद्य विभाग अब निरीक्षण के दौरान मिली कमियों और दस्तावेजों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगा।
ये भी पढ़ें: लंच से लौट रही थी युवती, Aston Martin की टक्कर से युवती की मौत! हैदराबाद राज्यसभा सांसद के बेटे पर केस दर्ज
कार्रवाई में ये अधिकारी रहे मौजूद
गुरुवार रात हुई कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष स्वामी, FSSAI पश्चिम रीजन के अधिकारी, डिप्टी कलेक्टर रितु जाट, तहसीलदार सपना शर्मा सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। टीम ने किचन के अलग-अलग हिस्सों की जांच की और खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए।
अब सैंपल रिपोर्ट का इंतजार
सयाजी होटल से लिए गए खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे। रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि खाद्य पदार्थ गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर कितने खरे उतरते हैं।





















