सतना के सरकारी प्राइमरी स्कूल में बरामदे का प्लास्टर गिरा, 4 छात्र घायल
सतना। जिले के फुटौंधी गांव स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में सोमवार दोपहर छत का प्लास्टर गिरने से चार मासूम बच्चे घायल हो गए, जिनमें तीन छात्राएं शामिल हैं। यह हादसा दोपहर करीब 12:30 बजे उस वक्त हुआ, जब बारिश का पानी कक्षाओं में भर जाने के कारण बच्चों को बरामदे में बैठाकर पढ़ाया जा रहा था।
तीन के सिर में एक के पैर में लगी चोट
अचानक भरभराकर गिरे प्लास्टर की चपेट में आने से छात्र हर्ष कोल, जानवी कोल और रागनी पाल के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि पल्लवी कोल के पैर में चोट लगी है। हादसे के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हेडमास्टर एसएन त्रिपाठी ने तत्काल स्थानीय डॉक्टर को बुलाकर सभी घायल बच्चों का प्राथमिक उपचार कराया।
ये भी पढ़ें: कटनी में गौशाला में मवेशियों की मौत पर बवाल: कांग्रेस ने निगम का घेराव किया, गेट फांदकर अंदर घुसे कार्यकर्ता
10 वर्ष पूर्व बना था भवन
घायल छात्रा रागनी के चाचा रजनीश पाल ने बताया कि समय पर उपचार मिलने से सभी बच्चों की स्थिति अब सामान्य है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, लगभग 10 वर्ष पूर्व बने इस स्कूल भवन में लगातार हो रही बारिश और सीलन की वजह से छत का प्लास्टर कमजोर हो चुका था। समय रहते बच्चों को अस्पताल सुविधा मिलने से बड़ा हादसा टल गया।
ये भी पढ़ें: बरगी बांध के गेट खुलने से नर्मदा का जलस्तर बढ़ा, कुब्जा संगम की सीढ़ियां डूबीं; फिलहाल राहत






















