बरगी बांध के गेट खुलने से नर्मदा का जलस्तर बढ़ा, कुब्जा संगम की सीढ़ियां डूबीं; फिलहाल राहत

सोहागपुर। बरगी बांध के गेट खोले जाने के बाद नर्मदा नदी के जलस्तर में रविवार से बढ़ोतरी दर्ज की गई। पानी बढ़ने के बाद नर्मदा तट से लगे गांवों में स्थानीय पुलिस, प्रशासन और राजस्व अमला लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है। हालांकि रात के दौरान जलस्तर बढ़ने के बाद अब पानी का स्तर थम गया है, जिससे तटीय इलाकों के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। अजेरा के सरपंच बसंत शाह के अनुसार सोमवार दोपहर से नर्मदा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा था और रात में इसमें काफी बढ़ोतरी हुई। पानी बढ़ने से कुब्जा संगम की सभी सीढ़ियां जलमग्न हो गई हैं। हालांकि फिलहाल जलस्तर बढ़ना रुक गया है और मौजूदा स्थिति में खतरे जैसी स्थिति नहीं है।
कुब्जा संगम पहुंच रहे श्रद्धालु ऊपर से कर रहे दर्शन
पितृपक्ष के चलते इन दिनों नर्मदा तट पर तर्पण के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी है। जलस्तर बढ़ने से कुब्जा संगम की सीढ़ियां पानी में डूब गई हैं, इसलिए श्रद्धालु फिलहाल ऊपर से ही दर्शन और तर्पण की प्रक्रिया कर रहे हैं। नदी का पानी बढ़ने के कारण घाट के निचले हिस्से में पहुंचने में परेशानी हो रही है, लेकिन जलस्तर थमने से फिलहाल स्थिति सामान्य बनी हुई है।
ये भी पढ़ें: सोहागपुर: ब्रेक के पास अचानक आया चूहा, कार बेकाबू होकर पेड़ से टकराई; पति-पत्नी घायल
प्रशासन और राजस्व अमला लगातार निगरानी में
सोहागपुर एसडीएम डॉ. बबीता राठौर ने बताया कि नर्मदा तट से लगे सभी गांवों की स्थिति पर प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि फिलहाल नदी का जलस्तर थमा हुआ है और स्थिति पर निरंतर निगरानी की जा रही है। अधिकारियों की ओर से तटीय क्षेत्रों में जलस्तर पर नजर रखने के साथ स्थानीय हालात की जानकारी भी जुटाई जा रही है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर समय रहते कदम उठाए जा सकें।
ये भी पढ़ें: सोहागपुर: यातायात नियमों की अनदेखी पर कार्रवाई, 30 प्रकरणों में 9 हजार रुपए जुर्माना वसूला
जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों में बनी थी चिंता
नर्मदा का पानी बढ़ने के बाद तटीय गांवों में ग्रामीणों के बीच चिंता का माहौल बना था। नदी के जलस्तर में रात के समय हुई तेज बढ़ोतरी के कारण लोग लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए थे। अब पानी का बढ़ना रुक गया है और फिलहाल किसी तरह के खतरे की सूचना नहीं है। प्रशासन की निगरानी जारी रहने के कारण ग्रामीणों को भी राहत मिली है।



















