सतना:जिला अस्पताल में नवजात चोरी की कोशिश नाकाम, झोले समेत बच्चा फेंक कर फरार हुआ आरोपी

सतना। नवजात को जन्म के कुछ घंटों बाद ही चुराने की कोशिश हुई। महिला ने शक होने पर आरोपी को रोककर हंगामा कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
अस्पताल के वार्ड में घुसा संदिग्ध युवक
एक अज्ञात युवक देर रात गायनिक वार्ड के आसपास घूमता नजर आया। वह काफी देर तक वार्ड की गतिविधियों पर नजर रखता रहा, जिससे उसकी हरकतें संदिग्ध लग रही थीं। मौके पर मौजूद लोगों को उस समय युवक से कुछ नहीं पूछा। धीरे-धीरे उसने मौका तलाशा और वार्ड में प्रवेश कर लिया। इसके बाद उसने वार्ड में भर्ती नवजात को चोरी करने की कोशिश की।
ये भी पढ़ें: Umaria News : प्रेमिका से इंस्टाग्राम पर चैट की तो रील बनाने के बहाने दोस्त को जंगल ले गए, हाथ-पैर बांधकर कर दी हत्या
मां के सोते ही बच्चे को उठाकर भागा
माडा टोला निवासी शिवानी चौधरी ने उसी दिन बच्चे को जन्म दिया था और वह थकान के कारण सो गई थीं। इसी बीच आरोपी युवक उनके पास पहुंचा और बच्चे को दूध पिलाने की बात कहकर भरोसा जीतने की कोशिश की। जैसे ही महिला सोई, आरोपी ने नवजात को उठाया और चुपचाप वहां से निकल गया। उसने बच्चे को एक झोले में डाल लिया ताकि किसी को शक न हो।
महिला की सतर्कता से टली घटना
नई बस्ती निवासी एक महिला ने जब झोले से बच्चे के रोने की आवाज सुनी तो उन्हें शक हुआ। उन्होंने ध्यान से देखा तो झोले के बाहर बच्चे के पैर दिखाई दे रहे थे। इस पर उन्होंने तुरंत युवक को रोका और उससे सवाल पूछने लगीं। उनकी सूझबूझ से पूरी घटना का खुलासा हो गया। अगर वह सतर्कता नहीं दिखातीं तो आरोपी बच्चे को लेकर फरार हो जाता।
ये भी पढ़ें: गोरखपुर: सौतेली बेटी को लेकर फरार हुआ शख्स, लिव-इन में रह रही थी मां, पुलिस कर रही जांच
शोर मचाते ही आरोपी मौके से फरार
जैसे ही आरोपी से पूछताछ शुरू की गई, तो वह घबरा गया और वहां से भागने लगा। महिला ने शोर मचाते हुए उसका पीछा किया, जिससे आसपास के लोग भी सतर्क हो गए। पकड़े जाने के डर से आरोपी ने झोला और बच्चे को वहीं छोड़ दिया और फरार हो गया। मौके पर मौजूद नर्स और अन्य लोग तुरंत वहां पहुंचे और बच्चे को सुरक्षित मां के पास पहुंचाया।
सीसीटीवी के आधार पुलिस कर रही जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं के बयान दर्ज किए। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों को पुलिस खंगालने है, ताकि आरोपी की पहचान हो सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












