सतना: छात्रा को शारीरिक संबंध के लिए डाल रहा दबाव, गर्लफ्रेंड से पिटवाया; आरोपी गिरफ्तार

सतना। मामले में शामिल गर्लफ्रेंड समेत चार आरोपी छात्राओं पर दर्ज प्रकरण में पुलिस ने धाराएं बढ़ाई हैं। पुलिस के मुताबिक, इंस्टाग्राम के एक छात्र ग्रुप के जरिए पीड़ित छात्रा की पहचान श्रवण सेन से हुई थी और आरोप है कि वह पिछले 10 महीनों से छात्रा पर अवैध संबंध बनाने का दबाव बना रहा था।
10 महीने से अवैध संबंध बनाने का दबाव
पीड़ित छात्रा सतना में रिश्तेदार के यहां रहकर पढ़ाई कर रही है। इंस्टाग्राम के एक छात्र ग्रुप के जरिए उसकी पहचान एकेएस यूनिवर्सिटी के छात्र श्रवण सेन से हुई थी। आरोप है कि श्रवण पिछले 10 महीनों से छात्रा पर अवैध संबंध बनाने का दबाव बना रहा था और छात्रा द्वारा संपर्क तोड़े जाने से बौखला गया।
ये भी पढ़ें: कोतमा बस स्टैंड पर लावारिस मिले थायराइड जांच के 10 ब्लड सैंपल, निजी एजेंसी का लैब तकनीशियन बर्खाश्त, जांच जारी
गर्लफ्रेंड को सबक सिखाने के लिए उकसाया
छात्रा द्वारा संपर्क तोड़े जाने से बौखलाए श्रवण ने अपनी गर्लफ्रेंड को उसे सबक सिखाने के लिए उकसाया। इसके बाद आरोपी गर्लफ्रेंड घूमने के बहाने पीड़िता को नगर वन के सामने सुनसान मैदान में ले गई, जहां तीन अन्य छात्राओं के साथ मिलकर पीड़िता को गालियां दीं और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की।
बाल पकड़कर पीटा, जमीन पर पटक दिया
बीती 6 अगस्त को हुई इस घटना में आरोपियों ने पीड़िता के बाल पकड़कर बेरहमी से पीटा और जमीन पर पटक दिया। आरोपियों ने बॉयफ्रेंड को वीडियो कॉल कर पीड़िता से माफी मंगवाई और घटना का वीडियो भी बना लिया, जिसके बाद करीब 38 दिन बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
वीडियो वायरल होने के बाद दर्ज हुई शिकायत
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कोलगवां थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी पर महिला की लज्जा भंग करने, अनुचित मांग और आपराधिक षड्यंत्र सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया है, वहीं मामले में शामिल चारों महिला आरोपियों पर दर्ज धाराओं में इजाफा किया गया है।
मुख्य आरोपी जेल भेजा, मोबाइल जब्त
छात्रा से मारपीट और प्रताड़ना के मामले में मुख्य आरोपी श्रवण सेन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले में शामिल चारों महिला आरोपियों के मोबाइल जब्त किए गए हैं और जांच जारी है, साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सतना सीएसपी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि छात्रा से मारपीट और प्रताड़ना के मामले में मुख्य आरोपी श्रवण सेन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले में शामिल चारों महिला आरोपियों पर दर्ज धाराओं में इजाफा किया गया है और उनके मोबाइल जब्त किए गए हैं। जांच जारी है, साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




















