कोतमा बस स्टैंड पर लावारिस मिले थायराइड जांच के 10 ब्लड सैंपल, निजी एजेंसी का लैब तकनीशियन बर्खाश्त, जांच जारी

अनूपपुर। कोतमा स्वास्थ्य केंद्र से मरीजों के ब्लड सैंपल जांच के लिए बाहर भेजने के दौरान गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। बस स्टैंड में थायराइड जांच के करीब 10 सैंपल लावारिस हालत में मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित निजी एजेंसी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। मामले में एजेंसी प्रबंधन ने कार्रवाई करते हुए जिम्मेदार लैब टेक्नीशियन सचिन वर्मा को कार्य से हटा दिया है।
निजी एजेंसी को सौंपी थी जिम्मेदारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतमा स्वास्थ्य केंद्र की लैब से मरीजों के ब्लड सैंपल एकत्रित कर उन्हें जांच के लिए शहडोल होते हुए गोहपारू भेजा जाना था। सैंपल कलेक्शन से लेकर उन्हें संबंधित जांच केंद्र तक सुरक्षित पहुंचाने की जिम्मेदारी निजी एजेंसी ‘साइंस होम’ को सौंपी गई थी। इसी प्रक्रिया के तहत थायराइड जांच के लिए मरीजों के करीब 10 सैंपल एकत्रित किए गए थे। लेकिन निर्धारित व्यवस्था के तहत सैंपल संबंधित जांच केंद्र तक पहुंचने के बजाय बस स्टैंड में लावारिस हालत में पड़े मिले।
ये भी पढ़ें: मणिपुर के कांगपोकपी में हिंसक प्रदर्शन, 6 ग्रामीणों की हिरासत के विरोध में NH-2 खोदा
बीएमओ ने जारी कि था नोटिस
सैंपल पैकेट की तस्वीर सामने आने और मामले की जानकारी मिलने के बाद कोतमा स्वास्थ्य केंद्र के बीएमओ डॉ. केएल दीवान ने संबंधित एजेंसी साइंस होम को नोटिस जारी किया था। नोटिस के माध्यम से सैंपल परिवहन में हुई लापरवाही को लेकर जवाब मांगा गया और जिम्मेदार कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके बाद एजेंसी प्रबंधन ने मामले की जांच की। जांच के उपरांत जिम्मेदार लैब टेक्नीशियन सचिन वर्मा को कार्य से हटा दिया गया।
इनका कहना है
इस संबंध में संबंधित एजेंसी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। जिम्मेदार तकनीशियन को हटा दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जो भी अन्य अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाए जाएंगे, उन पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. केएल दीवान, बीएमओ, कोतमा




















