बाबा सिद्दीकी से भी बुरा हाल होगा... सलमान खान को फिर धमकी, मुंबई पुलिस को मिला मैसेज, लॉरेंस गैंग ने रखी 5 करोड़ की डिमांड

मुंबई। बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। बाबा सिद्दीकी के मर्डर के 6 दिन बाद एक्टर को धमकी मिली है। इस बार यह धमकी वॉट्सऐप मैसेज के जरिए मुंबई ट्रैफिक कंट्रोल रूम को भेजी गई है। धमकाने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताया है और 5 करोड़ रुपए की फिरौती की मांग की है। साथ ही पैसे नहीं देने पर सलमान की हालत बाबा सिद्दीकी से भी बुरी करने की धमकी दी है।
वहीं मुंबई पुलिस मैसेज भेजने वाले को ट्रैक करने में जुटी है। 12 अक्टूबर को सलमान के करीबी और NCP नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद सलमान की सुरक्षा बढ़ा दी गई।
धमकी भरे मैसेज में लिखा- इसे हल्के में मत लीजिए...
मैसेज करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी बताया है। धमकी भरे मैसेज में लिखा था- इसे हल्के में मत लीजिए। सलमान खान को जिंदा रहना है और उसे लॉरेंस से दुश्मनी खत्म करनी है तो उसे 5 करोड़ रुपए देने होंगे। अगर पैसे नहीं दिए गए तो सलमान खान का हाल बाबा सिद्दीकी से भी बुरा होगा। इस मामले की जांच मुंबई पुलिस से शुरू कर दी है।6 महीनों में दो बार बढ़ी सलमान की सुरक्षा
12 अक्टूबर: सलमान के करीबी और NCP नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद सलमान की सुरक्षा बढ़ा दी गई। बाबा सिद्दीकी बेटे जीशान के दफ्तर के बाहर निकले ही थे, तभी उन पर 6 गोलियां चलाई गईं। इनमें से सिद्दीकी के पेट पर 2 और सीने पर एक गोली लगी। उन्हें तुरंत लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रात करीब 11.27 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली। 14 अप्रैल: सलमान खान के बांद्रा स्थित घर गैलेक्सी अपार्टमेंट पर फायरिंग हुई थी। जिसकी जिम्मेदारी लॉरेंस ग्रुप ने ली थी। सलमान ने घटना के दो महीने बाद मुंबई पुलिस को बयान देते हुए कहा था कि, 'बार-बार अलग-अलग लोगों के निशाने पर आने से मैं थक गया हूं। पहले भी कई बार धमकियां मिल चुकी हैं, जुर्माने लगे हैं। कई केसों में फंसा हूं।'




















