मैहर में दोस्तों संग बर्थडे मनाने आई जबलपुर की छात्रा की मौत, जांच में जुटी पुलिस
मैहर। सात युवक-युवतियों का दल सोमवार सुबह करीब 3 बजे यात्री निवास पहुंचा था और तीन कमरे बुक किए थे। करीब एक घंटे बाद छात्रा की तबीयत बिगड़ गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर होटल का डीवीआर जब्त किया है और साथ आए सभी छह युवक-युवतियों से पूछताछ कर रही है।
एक घंटे बाद कमरे में बिगड़ी छात्रा की तबीयत
जानकारी के अनुसार, जबलपुर निवासी सात युवक-युवतियों का दल सोमवार तड़के करीब 3 बजे मैहर पहुंचा था। सभी ने आस्था यात्री निवास में तीन कमरे बुक किए थे। इसके करीब एक घंटे बाद सुबह 4 बजे एक कमरे में छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। होटल के सीसीटीवी फुटेज में युवक छात्रा को हाथों में उठाकर कमरे और रिसेप्शन से बाहर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। दोस्त उसे तत्काल सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें: मथुरा में ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार, हादसे में भिंड के 4 लोगों की मौत; 5 गंभीर घायल
शव जबलपुर ले जाने की जिद पर हुआ विवाद
छात्रा की मौत की पुष्टि होते ही साथ आए दोस्तों ने शव को तुरंत जबलपुर ले जाने की जिद शुरू कर दी। अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव सौंपने से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद परिसर में कुछ देर विवाद की स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मॉर्च्यूरी में रखवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन शव लेकर जबलपुर रवाना हो गए।
होटल का डीवीआर पुलिस ने किया जब्त
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आस्था यात्री निवास के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। होटल में लगे कैमरों के फुटेज में छात्रा को युवक हाथों में उठाकर बाहर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने यात्री निवास का डीवीआर जब्त कर लिया है, ताकि घटना से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जांच की जा सके।
बिना आईडी ठहराए गए तीन लोग
पुलिस जांच में यात्री निवास संचालक की गंभीर लापरवाही भी सामने आई है। होटल में ठहरे सात लोगों में से केवल चार के ही पहचान पत्र लिए गए थे, जबकि तीन लोग बिना आईडी के ठहरे थे। पुलिस अब होटल नियमों के उल्लंघन के मामले में संचालक की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा
छात्रा के शव का डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमॉर्टम कराया गया है। सिविल सर्जन डॉ. सत्यभामा अवधिया ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।






















