Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भोपाल-इंदौर में 2026 तक बन जाएगा रिंग रोड और बायपास, जाम से मिलेगी निजात

8 हजार करोड़ रुपए से होगा काम, जमीनों का अधिग्रहण शुरू
Follow on Google News
भोपाल-इंदौर में 2026 तक बन जाएगा रिंग रोड और बायपास, जाम से मिलेगी निजात

भोपाल। भोपाल और इंदौर शहरों को जल्द ही बाहरी वाहनों से लगने वाले जाम के निजात मिल सकती है। दरअसल इन दोनों की शहरों में रिंग रोड और बायपास बनाए जाएंगे। अगर सब ठीक रहा तो साल 2026 के अखिरी तक दोनों शहरों में ये काम पूरा हो जाएगा। बायपास का काम नेशनल हाइवे अथारिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) करेगा वहीं और मध्य प्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एमपीआरडीसी) रिंग रोड बनाएगा । दोनों शहरों में इस निर्माण के लिए 8 हजार करोड़ से अधिक राशि खर्च की जाएगी। रिंग रोड और बायपास ग्रीन फील्ड होंगे। इन सड़कों को नए सिरे से बनाया जाएगा। भोपाल और इंदौर में रिंग रोड और बायपास बनाने के लिए भूमि अधिग्रहण का काम तेजी से किया जा रहा है। इसके अलावा भोपाल बायपास के लिए टेंडर भी जारी हो गए हैं।

भोपाल: 6 लेन होगी रोड

भोपाल में बनने वाला बायपास मंडीदीप से होता हुआ भोपाल-देवास हाईवे में पहुंचेगा। ये रोड 6 लेन होगी। फोरलेन बाहरी वाहनों के लिए और टू लेन स्थानीय वाहनों के लिए होगी। स्थानीय वाहनों से टोल नहीं लिया जाएगा। इसमें शहर के वाहनों के प्रवेश-निकासी के लिए मंडीदीप, कोलार रोड, फंदा में जंक्शन दिए जाएंगे। यह पूरा बायपास करीब 52 किलोमीटर का होगा। इसकी लागत 1323 करोड़ रुपए आंकी गई है। निजी कंपनी सड़क का निर्माण करेगी। सरकार उसे इसके लागत की 40 फीसदी राशि तत्काल देगी और शेष राशि 15 साल में किस्तों में देगी। सड़क बनाने के लिए भूमि अधिग्रहण का तेजी से किया जा रहा है। सड़क निर्माण के लिए टेंडर जारी हो गए हैं। करोंद से अयोध्या बायपास तक फ्लाई ओवर बनाने का प्रस्ताव भारत सरकार के पास भेजा है।

इंदौर: चारों ओर बायपास

इंदौर बायपास शहर के चारों तरफ बनाया जाएगा। इसमें एबी रोड, इंदौरदेवास, उज्जैन-इंदौर, नागपुर रोड और धार रोड को जोड़ने के साथ शहर की सभी सड़कों को जोड़ने का काम करेगा। इसे दो भागों में बांटा गया है। पहला पार्ट पश्चिमी बायपास होगा, जो 64 किलोमीटर का होगा और दूसरा पार्ट पूर्वी होगा, जिसकी लम्बाई 70 किलोमीटर होगी। 142 किलोमीटर वाले दोनों के निर्माण की लागत सात हजार करोड़ रुपए से अधिक होगी। बताया जाता है कि इनके लिए किसानों से भूमि अधिग्रहण का काम किया जा रहा है। इसका निर्माण वर्ष 2024 के नवंबर में प्रारंभ होना है। एक वर्ष निर्माण की समयावधि निर्धारित की जाएगी। इस बायपास को सभी नेशनल हाइवे में जोड़कर इसे इकोनामिक कॉरिडोर के रूप में तैयार किया जाएगा।

शहर के वाहन चालकों के लिए बनेगी सर्विस लेन

बायपास में शहर के वाहन चालकों के लिए सर्विस लेन भी बनाई जाएंगी। इससे शहर के लोगों को इन सड़कों पर चलने के लिए टोल टैक्स नहीं देना होगा। जबकि बाहरी वाहनों के लिए मुख्य लेन में चलना होगा। जिसके जरिए वे नेशनल हाइवे अथवा स्टेट हाईवे पर पहुंच जाएंगे।

क्या होगा फायदा

  • शहर के बाहर जाने वाले वाहनों को शहर के अंदर प्रवेश नहीं करना पड़ेगा।
  • बस, ट्रक और भारी वाहनों को नो एंट्री और शहर को जाम से राहत मिलेगी।
  • शहर के लोगों को इन सड़कों पर चलने के लिए टोल टैक्स नहीं देना होगा

टेंडर जारी कर दिए हैं

भोपाल बायपास के निर्माण का काम जल्द प्रारंभ किया जाएगा। भूमि अधिग्रहण के बाद इसके निर्माण का काम शुरू होगा। निर्माण के लिए टेंडर भी जारी कर दिए हैं। -सुखवीर सिंह, प्रमुख सचिव, लोक निर्माण विभाग

भूमि अधिग्रहण कर रहे हैं

इंदौर बायपास और रिंग रोड बनाने के लिए भारत सरकार ने मंजूरी दे दी है। इसके लिए भूमि अधिग्रहण का काम किया जा रहा है। इसके निर्माण का काम इस वर्ष प्रारंभ हो जाएगा। -एसके सिंह, क्षेत्रीय अधिकारी, एनएचएआई , मध्य प्रदेश

(इनपुट-अशोक गौतम)
Javedakhtar Ansari
By Javedakhtar Ansari

Latest Posts