Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सिंगरौली-जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में मिला अज्ञात युवक का शव, कटनी साउथ स्टेशन पर जीआरपी ने उतारा

सिंगरौली-जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में अज्ञात युवक का शव मिला। कटनी साउथ स्टेशन पर जीआरपी ने शव उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सिंगरौली-जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में मिला अज्ञात युवक का शव, कटनी साउथ स्टेशन पर जीआरपी ने उतारा

कटनी। सिंगरौली से जबलपुर की ओर जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 11652) में उस समय सनसनी फैल गई, जब ट्रेन के एक कोच में एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। इस घटना के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही कटनी साउथ स्टेशन पर सक्रिय हुई जीआरपी (राजकीय रेल पुलिस) ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

यात्रियों ने अचेत अवस्था में देख दी सूचना

मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन जब अपने निर्धारित मार्ग पर चल रही थी, तभी कोच में मौजूद कुछ यात्रियों की नजर एक युवक पर पड़ी जो काफी देर से संदिग्ध और अचेत अवस्था में पड़ा हुआ था।

यात्रियों ने पास जाकर उसे जगाने का प्रयास किया, लेकिन शरीर में कोई हलचल न होने पर अनहोनी की आशंका जताई गई। इसके बाद यात्रियों ने तत्काल रेलवे हेल्पलाइन और रेल पुलिस को मामले की जानकारी दी।

कटनी: युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत के बाद बड़गांव बायपास पर चक्काजाम, वन कर्मियों पर प्रताड़ना के आरोप

कटनी साउथ स्टेशन पर अलर्ट मोड पर रही जीआरपी

सूचना मिलते ही कटनी साउथ स्टेशन पर तैनात जीआरपी की टीम पहले से ही अलर्ट हो गई। जैसे ही इंटरसिटी एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म पर रुकी, पुलिसकर्मियों ने तुरंत संबंधित कोच में पहुंचकर युवक की जांच की, जहाँ उसे मृत पाया गया। पुलिस ने शव को ट्रेन से नीचे उतारा। इस दौरान प्लेटफॉर्म पर यात्रियों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे स्टेशन पर काफी देर तक गहमागहमी बनी रही।

कटनी में जैन धर्मशाला और स्कूल की संपत्ति पर फिर बवाल, बाउंसर तैनात करने पर आमने-सामने आए दो पक्ष

शिनाख्त और मौत के कारणों की जांच जारी

जीआरपी के सामने फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करने की है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक किस स्टेशन से ट्रेन में सवार हुआ था और क्या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी यात्रा कर रहा था। इसके लिए आसपास के रेलवे स्टेशनों और छोटे हाल्ट्स से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की हर पहलू से जांच कर रही है- चाहे वह प्राकृतिक मृत्यु हो या कोई अन्य संदिग्ध कारण। मृतक के हुलिए के आधार पर उसके परिजनों की तलाश की जा रही है।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts