बुजुर्ग कर्मचारी की चाकू से हत्या:रेलवे ट्रैक के पास फेंका शव,श्वान नोचते मिले

इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र में चोरी के शक ने एक बुजुर्ग कर्मचारी की जान ले ली। रेस्त्रां संचालक के बेटे ने कथित तौर पर कर्मचारी पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया। मंगलवार को शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो शव को आवारा श्वान नोच रहे थे। झुग्गी में रहने वाली एक महिला की सूचना के बाद पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार मूल रूप से सागर निवासी 55 वर्षीय श्रीराम पुत्र प्रभुसिंह राजपूत शिवकंठ नगर में रहता था। वह दीपमाला ढाबे के पास स्थित लक्ष्मीनारायण भाटी के रुचि रेस्त्रां में कर्मचारी था। सोमवार शाम के बाद से उसकी कोई जानकारी नहीं थी।
ये भी पढ़ें: आजादी के जश्न में बच्चों को बांटे लड्डू में निकली इल्ली, सोनगुराड़िया स्कूल में मचा हड़कंप
रेस्त्रां से ढाई किलोमीटर दूर मिला शव
श्रीराम का शव रेस्त्रां से करीब ढाई किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक के समीप पड़ा मिला। झुग्गी में रहने वाली एक महिला की नजर शव पर पड़ी तो उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो शव को आवारा श्वान नोच रहे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मृतक की पहचान के प्रयास शुरू किए।जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक श्रीराम रेस्त्रां में काम करता था। इसके बाद पुलिस ने रेस्त्रां संचालक और उसके परिवार से पूछताछ शुरू की।
ये भी पढ़ें: नागपंचमी पर साल में सिर्फ एक बार खुलता है ये मंदिर, आधी रात पट खुलते ही उज्जैन में उमड़ा भक्तों का सैलाब
पिता ने बताया- बेटे ने चाकू से मारा
पुलिस ने रेस्त्रां संचालक लक्ष्मीनारायण भाटी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि उसके बेटे राहुल ने श्रीराम पर चाकू से हमला किया था। राहुल को कर्मचारी पर रेस्त्रां में चोरी करने का शक था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और राहुल ने कथित तौर पर श्रीराम की हत्या कर दी।पुलिस ने राहुल की मां से भी पूछताछ की। उनके अनुसार घटना के बाद राहुल ने फोन कर बताया था कि उसने रेस्त्रां में काम करने वाले श्रीराम को मार दिया है। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और आरोपी राहुल की तलाश शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें: Dhamtrai: मृत मानकर किया अंतिम संस्कार, वही युवक मिला जिंदा,बेटे को जिंदा देखकर छलके आंसू
शव रेलवे ट्रैक के पास कैसे पहुंचा, जांच जारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के बाद श्रीराम के शव को रेलवे ट्रैक के पास कौन लेकर गया और वारदात में और कोई शामिल था या नहीं। घटनास्थल और रेस्त्रां के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।













