Happy Independence Day
🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

आजादी के जश्न में बच्चों को बांटे लड्डू में निकली इल्ली, सोनगुराड़िया स्कूल में मचा हड़कंप

खजराना गणेश मंदिर परिसर के प्रसाद प्वाइंट से खरीदे थे 50 किलो लड्डू; खाद्य विभाग ने स्कूल और दुकान से लिए नमूने, जांच के लिए भोपाल भेजे
Follow on Google News
आजादी के जश्न में बच्चों को बांटे लड्डू में निकली इल्ली, सोनगुराड़िया स्कूल में मचा हड़कंप
खाद्य विभाग ने दुकान से लिए नमूने,

इंदौर। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बच्चों के लिए बांटे गए लड्डुओं में कीड़ा निकलने से सोनगुराड़िया की माध्यमिक शाला में हड़कंप मच गया। देवगुराड़िया के पास स्थित स्कूल में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान बच्चों को लड्डू वितरित किए जा रहे थे। इसी दौरान एक बच्चे के लड्डू में इल्ली मिलने की शिकायत सामने आई। मामला सामने आते ही स्कूल प्रबंधन और ग्रामीणों ने पुलिस के साथ खाद्य सुरक्षा प्रशासन को सूचना दी।

 

सूचना मिलते ही खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम स्कूल पहुंची और लड्डुओं की जांच शुरू की। अधिकारियों ने स्कूल में रखे अलग-अलग डिब्बों से लड्डुओं के नमूने लिए। कई लड्डुओं को मौके पर फोड़कर भी देखा गया, लेकिन उनमें दोबारा कीड़ा नहीं मिला। इसके बावजूद मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल से लिए गए नमूने जांच के लिए भोपाल स्थित प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

खजराना गणेश मंदिर के प्रसाद प्वाइंट से लिए थे लड्डू

जांच में सामने आया कि स्कूल प्रबंधन ने ये लड्डू खजराना गणेश मंदिर परिसर स्थित प्रसाद प्वाइंट की दुकान से खरीदे थे। स्कूल की ओर से 14 अगस्त की शाम करीब 50 किलो लड्डुओं का ऑर्डर लिया गया था। अगले दिन स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान बच्चों में इनका वितरण किया गया। बच्चे के लड्डू में इल्ली मिलने के बाद खाद्य विभाग की टीम ने स्कूल के साथ उस दुकान की भी जांच करने का निर्णय लिया, जहां से लड्डू खरीदे गए थे।

 

दुकान पर भी मिले दस्तावेजों से जुड़े सवाल

स्कूल में नमूने लेने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम खजराना गणेश मंदिर परिसर स्थित प्रसाद प्वाइंट पहुंची। यहां जांच के दौरान पेस्ट कंट्रोल का प्रमाणपत्र मौके पर उपलब्ध नहीं मिला। दुकान संचालक ने प्रमाणपत्र घर पर होने की बात कही। इसके अलावा दुकान संचालक और एक कर्मचारी का मेडिकल प्रमाणपत्र भी जांच के दौरान प्रस्तुत नहीं किया जा सका। खाद्य विभाग ने दुकान से भी लड्डुओं के नमूने लिए हैं, जिन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है।

 

लड्डू दुकान में ही नहीं बनते, दूसरे निर्माता से भी आते हैं

जांच के दौरान खाद्य विभाग को यह जानकारी भी मिली कि दुकान पर बिकने वाले सभी लड्डू दुकान में ही तैयार नहीं किए जाते। संचालक के अनुसार सामान्य दिनों में लड्डू दूसरे निर्माता से थोक में तैयार करवाकर मंगाए जाते हैं। अधिक ऑर्डर होने पर जरूरत के मुताबिक दुकान स्तर पर भी लड्डू बनाए जाते हैं। ऐसे में अब जांच केवल दुकान तक सीमित नहीं रहेगी। यदि प्रयोगशाला रिपोर्ट में लड्डुओं में किसी तरह की गुणवत्ता संबंधी गड़बड़ी सामने आती है तो खाद्य विभाग लड्डू तैयार करने वाले निर्माता तक भी जांच पहुंचा सकता है।

दुकान संचालक ने दी अलग वजह

दुकान संचालक राहुल शर्मा ने बताया कि स्कूल के लिए लड्डू एक दिन पहले दिए गए थे और दो स्कूलों में उनका वितरण होना था। उनके अनुसार सोनगुराड़िया स्कूल के एक लड्डू में इल्ली मिलने की शिकायत की गई है। उनका कहना है कि दुकान में रखे अन्य लड्डुओं को भी फोड़कर देखा गया, लेकिन उनमें ऐसी कोई समस्या नहीं मिली। संचालक ने यह भी दावा किया कि संभव है कि रात में हार-फूल के नीचे लड्डू रखे होने के कारण कोई इल्ली किसी एक लड्डू में चली गई हो। हालांकि खाद्य विभाग अब नमूनों की प्रयोगशाला जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कह रहा है।

रिपोर्ट के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष स्वामी ने बताया कि स्कूल और प्रसाद प्वाइंट दोनों स्थानों से लड्डुओं के नमूने लिए गए हैं। इन्हें जांच के लिए भोपाल भेजा गया है। प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

icon

Latest Posts