Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

प्रदेश में सांसद-विधायक और पार्टी के नेताओं को बजट ब्रांडिंग की जवाबदारी

भाजपाइयों को नया टास्क: नागरिकों को बताएं केंद्रीय बजट की खूबियां
Follow on Google News
प्रदेश में सांसद-विधायक और पार्टी के नेताओं को बजट ब्रांडिंग की जवाबदारी
भोपाल। भाजपा हाईकमान ने मध्यप्रदेश इकाई को प्रदेश के सभी जिलों में जाकर केंद्रीय बजट की ब्रांडिंग करने का टास्क सौंपा है। प्रदेश के मंत्रिगण पूर्व में बजट की खूबियां गिना चुके हैं। अब पार्टी के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और पदाधिकारियों को प्रबुद्ध नागरिकों के बीच बजट के मुख्य मुद्दों की ब्रांडिंग करने को कहा गया है। नेताओं को होमवर्क के लिए संगठन की ओर से 17 पन्ने में बजट के प्रमुख पाइंट्स ब्यौरे के साथ दिए गए हैं। लेकिन इस सामग्री में मप्र और संबंधित जिलों को बजट में क्या-क्या मिला इसका ब्यौरा नहीं है। नेताओं की इस वजह से नागरिकों और मीडिया की ओर से होने वाले प्रतिप्रश्नों के समाधानकारक जवाबों की तैयारी नहीं हो पाई। प्रदेश के सभी जिलों में तीन दिन तक यह मुहिम चलेगी। इसके लिए प्रबुद्ध नागरिकों के सम्मेलन बुलाए जाएंगे।

गरीब और युवाओं पर फोकस

भाजपा प्रदेश इकाई ने विधायक, सांसदों सहित पार्टी पदाधिकारियों को विभिन्न जिलों में भेजने का कार्यक्रम बनाया है। वरिष्ठ भाजपा नेताओं को भेजे गए बजट मटेरियल में प्रमुख रूप से गरीब, युवा, महिला, किसान,मजदूर और रोजगार से जुड़ी योजनाओं का ब्यौरा दिया गया है। पीएम आवास, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से लेकर एमएसएमई और जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान सहित अन्य सभी वर्गों के लिए लाई गई योजनाओं की जानकारी दी गई है।

आईटी एक्ट की समीक्षा

भाजपा नेताओं को भेजी गई सामग्री में केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा संसद में बजट भाषण के दौरान दी गई जानकारियों का ब्यौरा ही दिया गया है। टैक्स से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर हुए बदलाव को भी जनता को बताने कहा गया है। भुगतानों पर 5 फीसदी टीडीएस दर को घटाकर 2 प्रतिशत करने के अलावा आयकर अधिनियम की समीक्षा करने की जानकारी भी दी गई है। नई कर व्यवस्था और वेतन-पेंशन भोगियों को होने वाले लाभ के बारे में भी बताने को कहा गया है।

संगठन ने बुलाई महत्वपूर्ण बैठकें

प्रदेश भाजपा संगठन ने 6 व 7 अगस्त को महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन किया है। इस दौरान संगठन चुनाव की रूपरेखा पर प्रारंभिक विचार विमर्श हो सकता है। हर घर तिरंगा अभियान को लेकर भी कार्ययोजना बनाई जाएगी। पार्टी सूत्रों का कहना है कि आगामी कुछ दिनों में संगठन चुनाव होना है।

प्रभात झा के निधन पर श्रद्धांजलि सभा आज

प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद रहे स्व. प्रभात झा के निधन पर पार्टी मुख्यालय में 6 अगस्त को शाम 5 बजे श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जा रहा है।
  • अशोक नगर: भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अरुण चतुर्वेदी ने नगर में मीडिया से चर्चा कर बजट की खूबियां गिनाईं।
  • मंदसौर: भाजपा के वरिष्ठ नेता बहादुर सिंह ने शहर में प्रबुद्ध नागरिकों की बैठक में बजट की ब्रांडिंग की।
People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts