Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

आम जनता के लिए खुला अरविंद केजरीवाल का शीशमहल, 20 रुपए टिकट

नई दिल्ली में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास शीशमहल को लेकर एक बार फिर सियासत तेज हो गई है। दिल्ली सरकार ने शुक्रवार को मीडिया के लिए इस बंगले के दरवाजे खोल दिए और इसके अंदर की सजावट से लेकर महंगे फर्नीचर तक दिखाए।
आम जनता के लिए खुला अरविंद केजरीवाल का शीशमहल, 20 रुपए टिकट
आम जनता के लिए खुला अरविंद केजरीवाल का शीशमहल

नई दिल्ली। बीजेपी ने आरोप लगाया था कि इस बंगले के रिनोवेशन और साज-सज्जा पर सरकारी खजाने से करोड़ों रुपए खर्च किए गए। अब दिल्ली सरकार इसे आम लोगों के लिए भी खोलने की तैयारी कर रही है, जहां टिकट लेकर लोग बंगले को देख सकेंगे। प्रवेश टिकट की कीमत करीब 20 रुपए रखे जाने की संभावना है, जबकि वरिष्ठ नागरिकों और कॉलेज के विद्यार्थियों को मुफ्त प्रवेश मिल सकता है।

मीडिया के लिए खोला गया शीशमहल

दिल्ली सरकार ने शुक्रवार को फ्लैगस्टाफ रोड स्थित पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास को मीडिया के लिए खोल दिया। इस दौरान अधिकारियों ने बंगले के अंदर मौजूद महंगे फर्नीचर, सजावट और अन्य सुविधाओं को दिखाया। लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री प्रवेश वर्मा ने गुरुवार को इसकी घोषणा की थी। सरकार की योजना है कि मीडिया के बाद आम लोगों को भी यहां आने की अनुमति दी जाए।

ये भी पढ़ें: अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर मांगे 7 करोड़ रुपये

फर्नीचर और सजावट पर करोड़ों रुपए खर्च

बंगले में रखे सामानों की कीमत भी सामने आई है। यहां 11.56 लाख रुपए का झूमर, 5.47 लाख रुपए का सोफा, 5.58 लाख रुपए की कुर्सियां, 6.79 लाख रुपए की सेंटर टेबल और 5.69 लाख रुपए के पर्दे लगाए गए हैं। बंगले के रिनोवेशन और फर्निशिंग पर कुल 58.83 करोड़ रुपए खर्च होने का आंकड़ा बताया गया है।

बंगले में हैं 8 बेडरूम और 12 टॉयलेट

लोक निर्माण विभाग के रखरखाव वाले इस बंगले में आठ बेडरूम और 12 टॉयलेट हैं। इसके अलावा यहां जैकुजी बाथ, स्पा, महंगे कालीन और पांच OLED टीवी सहित कई सुविधाएं मौजूद हैं। बीजेपी ने आरोप लगाया है कि इन सुविधाओं और साज-सज्जा पर सरकारी धन का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल किया गया।

कपिल मिश्रा ने लगाया सरकारी पैसे के दुरुपयोग का आरोप

दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि अब देशभर के लोग इस शीशमहल को देख सकेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल के कार्यकाल में सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया। मिश्रा ने यह भी दावा किया कि बंगले में इस्तेमाल होने वाला मार्बल वियतनाम से मंगाया गया था, जबकि क्रॉकरी और टेबल जैसी चीजें विदेशों से खरीदी गई थीं। उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान भी बंगले पर भारी खर्च किए जाने को लेकर सवाल उठाए।

Breaking News

20 रुपए हो सकता है प्रवेश टिकट

सरकार आम लोगों के लिए बंगले में प्रवेश की व्यवस्था करने जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, टिकट की कीमत करीब 20 रुपए रखी जा सकती है। वरिष्ठ नागरिकों और कॉलेज के विद्यार्थियों को मुफ्त प्रवेश देने पर भी विचार किया जा रहा है। इसके लिए इसी सप्ताह ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था शुरू होने की संभावना है।

निजी कंपनी को सौंपने की भी तैयारी

सरकार इस बंगले का इस्तेमाल आधिकारिक कॉन्फ्रेंस, लंच और बैठकों के आयोजन के लिए भी करना चाहती है। इसके लिए किसी निजी हॉस्पिटैलिटी कंपनी को इसकी जिम्मेदारी सौंपने पर विचार किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, आम लोगों के लिए इसे सीमित अवधि तक खोला जाएगा, जिसके बाद निजी कंपनी को सौंपने की योजना को अंतिम रूप दिया जा सकता है। फ्लैगस्टाफ रोड स्थित यह बंगला 2015 से 2024 तक अरविंद केजरीवाल का आधिकारिक मुख्यमंत्री आवास रहा था। बीजेपी ने फरवरी 2025 के विधानसभा चुनाव के दौरान इसके रिनोवेशन पर हुए खर्च को लेकर शीशमहल नाम दिया था।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...

Latest Posts