11वीं पास बना डॉक्टर! राजस्थान में 5.5 लाख रुपये में बिक रही थीं MBBS-MD की फर्जी डिग्रियां, SOG ने किया बड़े रैकेट का खुलासा

राजस्थान। सोचिए, जिस व्यक्ति से आप अपनी बीमारी का इलाज करा रहे हैं, उसके पास डॉक्टर बनने की असली डिग्री ही न हो! राजस्थान में सामने आए एक मामले ने हर किसी को हैरान कर दिया है। जयपुर में पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) ने ऐसे गिरोह का पता लगाया है, जो पैसे लेकर लोगों को डॉक्टर की फर्जी डिग्रियां देता था। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि गिरोह से जुड़ा एक 11वीं पास व्यक्ति फर्जी MBBS और MD डिग्री के सहारे दिल्ली के बड़े अस्पतालों में डॉक्टर बनकर काम कर रहा था।
5.5 लाख में तैयार होती थी MBBS और MD की डिग्री
पुलिस की जांच में पता चला कि यह गिरोह सोशल मीडिया के जरिए लोगों तक पहुंचता था। फेसबुक और व्हाट्सऐप पर ग्राहकों से संपर्क कर उनकी पसंद के हिसाब से फर्जी डिग्रियां तैयार की जाती थीं। इसके लिए करीब 5.5 लाख रुपये तक लिए जाते थे। गिरोह MBBS, MD गायनेकोलॉजी और DMRD जैसी मेडिकल डिग्रियां बनाने का काम करता था। इतना ही नहीं, इन दस्तावेजों को यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर भी अपलोड करवाया जाता था, ताकि जांच के समय वे असली दिखाई दें।
संविधान दिवस पर अमित शाह का बड़ा बयान, विपक्ष से बोले- पहले संविधान पढ़िए, फिर बात कीजिए
11वीं पास रामकिशोर बन गया था डॉक्टर
इस मामले में रामकिशोर महावर का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है। पुलिस के अनुसार, राजस्थान के करौली का रहने वाला रामकिशोर केवल 11वीं पास है। उसने करीब 5.5 लाख रुपये देकर 12वीं, MBBS, MD गायनेकोलॉजी और DMRD की फर्जी डिग्रियां हासिल की थीं। इन दस्तावेजों के आधार पर उसने दिल्ली मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन भी करा लिया था। इसके बाद वह दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल सहित कई निजी अस्पतालों में जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर के तौर पर काम कर चुका था। वह ऑन-कॉल सोनोग्राफी का काम भी करता था।
चार राज्यों में फैला था फर्जी डिग्री का खेल
SOG की जांच में चार आरोपियों की भूमिका सामने आई है। रामकिशोर महावर इन फर्जी डिग्रियों के सहारे डॉक्टर बनकर काम कर रहा था। वहीं, सत्यजीत पाणिग्रही सोशल मीडिया पर लोगों से संपर्क करता और डिग्री का सौदा तय करता था। उसे मुंबई से गिरफ्तार किया गया। मध्य प्रदेश के मनीष मांझी का काम फर्जी मार्कशीट, डिग्री और डिप्लोमा तैयार करना था। वहीं, उत्तर प्रदेश के खुर्रम तौफीक पर फर्जी डिग्रियों को यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर अपलोड करवाने की जिम्मेदारी थी। उसे लखनऊ से पकड़ा गया।
तीन हिस्सों में चलता था पूरा कारोबार
पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह तीन हिस्सों में काम करता था। पहले हिस्से में ग्राहकों से संपर्क कर पैसों की बात तय की जाती थी। दूसरे हिस्से में उनकी मांग के अनुसार फर्जी मार्कशीट और डिग्रियां तैयार की जाती थीं। इसके बाद तीसरे हिस्से में इन दस्तावेजों को यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर अपलोड करवाया जाता था। दस्तावेज व्हाट्सऐप के जरिए भेजे जाते थे और जरूरत पड़ने पर प्रिंट निकालकर कोरियर से भी पहुंचाए जाते थे।
संसद सत्र से पहले कल मोदी कैबिनेट की अहम बैठक, महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर हो सकती है चर्चा
40 से ज्यादा यूनिवर्सिटी के नाम आए सामने
जांच के दौरान पुलिस को 40 से ज्यादा यूनिवर्सिटी और संस्थानों के नाम से फर्जी डिग्रियां बनाए जाने की जानकारी मिली है। इस मामले की शुरुआत अक्टूबर 2024 में राजस्थान मेडिकल काउंसिल के रजिस्ट्रार की शिकायत से हुई थी। इसके बाद SOG ने जांच शुरू की और धीरे-धीरे पूरे गिरोह का पता लगाया। फिलहाल चारों आरोपी गिरफ्तार हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को फर्जी डिग्रियां दी हैं और कितने लोग इनके सहारे अस्पतालों में काम कर रहे हैं।




















