कटनी में ब्लैकआउट मॉकड्रिल, दमकल और बचाव दल ने लोगों को निकालने का किया प्रदर्शन

कटनी। इस दौरान अग्नि दुर्घटना और ब्लैकआउट जैसी आपातकालीन स्थितियां बनाकर बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया। दमकल वाहन, रेस्क्यू टीम और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने आपसी समन्वय के साथ अपनी तत्परता दिखाई।
ब्लैकआउट की स्थिति बनाकर किया अभ्यास
मॉकड्रिल के दौरान ब्लैकआउट की स्थिति बनाकर विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का चरणबद्ध अभ्यास किया गया। इस माध्यम से आपदा के दौरान राहत, बचाव और जनसुरक्षा की तैयारियों का व्यावहारिक परीक्षण किया गया।
दमकल वाहन और बचाव दल की तत्परता परखी
अग्नि दुर्घटना की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन से दमकल वाहन और बचाव दल को कम से कम समय में घटनास्थल पर रवाना करने की प्रक्रिया को परखा गया। अभ्यास के दौरान भवन में फंसे लोगों को लेडर (सीढ़ी) की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
स्ट्रेचर से घायलों को पहुंचाया सुरक्षित स्थान पर
रेस्क्यू के दौरान घायलों को स्ट्रेचर के जरिए सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इसके बाद उन्हें प्राथमिक उपचार और चिकित्सा सहायता देने का अभ्यास किया गया, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर मदद पहुंचाई जा सके।
ये भी पढ़ें: लखनऊ के गोमती नगर के सहारा स्टेट में लगी भीषण आग, दमकल की पांच गाड़ियां पहुंचीं, नगर निगम के कब्जे में है परिसर
संयुक्त टीमों ने दिखाया बेहतर तालमेल
इस मॉकड्रिल में अग्निशमन विभाग, पुलिस, आपदा प्रबंधन, सिविल डिफेंस, होमगार्ड और विद्युत विभाग की संयुक्त टीमों ने हिस्सा लिया। सभी विभागों ने निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए अनुशासित और समन्वित कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया, जिससे आपात स्थिति में प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की भूमिका स्पष्ट हो सके।
अधिकारियों और कर्मचारियों की रही मौजूदगी
अभ्यास के दौरान फायर नियंत्रण अधिकारी मृदुल श्रीवास्तव, सहायक फायर प्रभारी शैलेन्द्र दुबे, रक्षित निरीक्षक सुश्री अंजु लकड़ा, डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड आर.एस. बघेल, विद्युत विभाग के डी.ई. मुकेश महोबे और प्लाटून कमांडर विजयांश चौधरी मौजूद रहे। इनके साथ बरही, कैमोर और विजयराघवगढ़ नगर परिषदों के अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल हुए।
आपदा से निपटने के लिए नियमित अभ्यास जरूरी
आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि किसी भी बड़ी आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए संसाधनों के साथ-साथ नियमित अभ्यास, आपसी समन्वय और समयबद्ध कार्रवाई बेहद जरूरी है। आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय और बचाव दलों की तत्परता से जनहानि को न्यूनतम रखा जा सकता है।




















