आठ माह तक संसद का सत्र निलंबित रखने पर रघु ठाकुर ने उठाए सवाल, बोले- संविधान की भावना से खिलवाड़ नहीं होना चाहिए

भिण्ड। संसद के दो सत्रों के बीच छह माह से अधिक का अंतर नहीं होना चाहिए। संविधान में यह प्रावधान इसलिए किया गया है, ताकि कोई भी सरकार संसद को अप्रत्यक्ष रूप से निष्क्रिय नहीं कर सके और लोकतांत्रिक व्यवस्था कायम रहे। लेकिन पिछले आठ माह से संसद का सत्र निलंबित रखकर संवैधानिक व्यवस्था को प्रभावित करने का रास्ता निकाला गया। यह बात देश के प्रख्यात समाजवादी चिंतक एवं विचारक तथा लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय नेता रघु ठाकुर ने अपने भिंड दौरे के दौरान कही थी।
ठाकुर ने उस दौरान संसद का सत्र बुलाने की मांग करते हुए केंद्र सरकार और संसद के स्पीकर की भूमिका पर सवाल उठाए थे। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 15 दिसंबर से पहले संसद का सत्र बुलाए जाने संबंधी सार्वजनिक बयान पर उन्होंने खुशी और संतोष जताया है। ठाकुर ने कहा कि पिछले कई दिनों से लगातार इस मुद्दे को उठाने के बाद प्रधानमंत्री ने भी संसद का सत्र बुलाने की आवश्यकता को समझा है। कम से कम अब संसद का सत्र होगा और देश के महत्वपूर्ण सवाल सदन में उठाने का अवसर मिलेगा।
छह माह के अंतराल का संवैधानिक प्रावधान
भिंड दौरे के दौरान रघु ठाकुर ने कहा था कि संविधान में स्पष्ट व्यवस्था की गई है कि संसद के दो सत्रों के बीच छह माह से अधिक का अंतर नहीं होना चाहिए। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि कोई भी सरकार संसद को अप्रत्यक्ष रूप से खंडित या निष्क्रिय न कर सके। उन्होंने आरोप लगाया था कि संसद का सत्रावसान करने के बजाय उसे निलंबित रखने का रास्ता अपनाया गया और पिछले आठ माह से सत्र निलंबित था।
संविधान की रक्षा करने वालों पर ही उठाए सवाल
ठाकुर ने कहा था कि यदि सत्रावसान किया जाता तो छह माह के भीतर संसद का अगला सत्र बुलाना पड़ता। उनके अनुसार, यह संविधान की व्यवस्था को प्रभावित करने और उसकी मूल भावना के विपरीत रास्ता निकालने जैसा था। उन्होंने सवाल उठाया था कि संविधान की रक्षा और उसके क्रियान्वयन का दायित्व जिन संस्थाओं पर है, यदि वही उसकी व्यवस्था को खंडित करने के रास्ते निकालेंगी तो देश और समाज पर इसका क्या प्रभाव पड़ेगा?
लगातार उठा रहे थे संसद सत्र बुलाने की मांग
उन्होंने भिंड में कहा था कि वह पिछले कई दिनों से लगातार भारतीय संसद का सत्र बुलाने और संवैधानिक प्रावधानों के दुरुपयोग की संभावनाओं को रोकने की मांग कर रहे हैं। संसद का नियमित संचालन लोकतंत्र की मजबूती और संवैधानिक जवाबदेही के लिए जरूरी है।
प्रधानमंत्री के बयान पर जताई खुशी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 15 दिसंबर से पहले संसद का सत्र बुलाए जाने संबंधी सार्वजनिक बयान पर रघु ठाकुर ने संतोष जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि लगातार मांग उठाने के बाद प्रधानमंत्री ने संसद का सत्र बुलाने की आवश्यकता को समझा है। अब कम से कम संसद में देश के सामने मौजूद महत्वपूर्ण सवालों को उठाने का अवसर मिलेगा।
विपक्ष से सड़क के सवाल संसद में उठाने की अपेक्षा
ठाकुर ने उम्मीद जताई कि विपक्ष अपनी जिम्मेदारी समझेगा और उन मुद्दों को संसद में उठाएगा, जो आज देश की सड़कों पर चर्चा का विषय बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रतिपक्ष में समझदारी होगी तो जनता के सवाल संसद तक पहुंचेंगे और सदन में उन पर चर्चा होगी। उनके वक्तव्य का मूल संदेश यही था कि संसद का नियमित संचालन केवल संवैधानिक औपचारिकता नहीं, बल्कि लोकतंत्र की रक्षा, जनता के सवालों और सरकार की जवाबदेही सुनिश्चित करने की अनिवार्य प्रक्रिया है।
EDIT BY: ADITI RAWAT




















