Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

‘हनुमान चालीसा’ के अपमान पर घिरे अभिजीत दीपके, सवाल पूछते ही पत्रकार पर भड़के

नागपुर में CJP की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अभिजीत दीपके ने 'मोदी चालीसा' गाना बजाया, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया। एक पत्रकार ने हनुमान चालीसा के अपमान को लेकर सवाल किया तो दीपके नाराज हो गए। उन्होंने गायक और बीजेपी के सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ FIR की मांग की। जानिए पूरा मामला।
‘हनुमान चालीसा’ के अपमान पर घिरे अभिजीत दीपके, सवाल पूछते ही पत्रकार पर भड़के
मोदी की तस्वीर, ‘मोदी चालीसा’ और प्रेस कॉन्फ्रेंस में बवाल, जानिए पूरा मामला

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के अभिजीत दीपके एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार मामला हिंदू धर्म की आस्था से जुड़ा है। दरअसल, बुधवार को नागपुर में CJP ने केंद्र सरकार पर निशाना साधने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई थी। इस दौरान कार्यक्रम की शुरुआत 'मोदी चालीसा' नाम के एक गाने से हुई। गाना बजते ही विवाद शुरू हो गया और दीपके पर हनुमान चालीसा का अपमान करने के आरोप लगने लगे। जब एक पत्रकार ने उनसे इस बारे में सवाल किया तो वह नाराज हो गए।

सोशल मीडिया पर सेंसरशिप को लेकर सरकार पर साधा निशाना

नागपुर में हुई इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभिजीत दीपके सोशल मीडिया पर पोस्ट हटाए जाने और सेंसरशिप का मुद्दा उठा रहे थे। उन्होंने दावा किया कि सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ही ज्यादा बढ़ावा दिया जा रहा है, जबकि राजनीति से जुड़ी दूसरी पोस्ट को हटाया जा रहा है। दीपके ने यह भी दावा किया कि जनवरी से जून के बीच इंस्टाग्राम से 50 लाख से ज्यादा पोस्ट हटाई गई हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर सोशल मीडिया पर सभी को अपनी बात रखने की आजादी है तो राजनीतिक मुद्दों से जुड़ी पोस्ट पर रोक क्यों लगाई जा रही है?

X Post

पीएम मोदी की तस्वीर के साथ बजाया 'मोदी चालीसा' गाना

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर सामने रखी और 'मोदी चालीसा' गाना बजाया। उनका कहना था कि सोशल मीडिया पर सेंसरशिप का माहौल है और प्रधानमंत्री की तस्वीर के अलावा राजनीति से जुड़ी दूसरी चीजों को दबाया जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री की तस्वीर रखी जाएगी तो शायद इंस्टाग्राम इस कार्यक्रम को अपने प्लेटफॉर्म से नहीं हटाएगा। इस दौरान CJP के सह संयोजक आशुतोष रांका भी उनके साथ मौजूद थे।

ये भी पढ़ें: कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरव दास पर लुकआउट सर्कुलर जारी, पासपोर्ट में विसंगति का दावा

हनुमान चालीसा के अपमान पर पत्रकार ने पूछा सवाल

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक पत्रकार ने अभिजीत दीपके से पूछा कि क्या 'मोदी चालीसा' गाने से हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत नहीं होंगी? इस सवाल पर दीपके नाराज हो गए। उन्होंने जवाब में कहा कि जिस गायक ने यह गाना बनाया है, उसके खिलाफ FIR दर्ज होनी चाहिए और उसे जेल भेजना चाहिए। इतना ही नहीं, उन्होंने बीजेपी के सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की। दीपके का कहना था कि उन्होंने यह गाना बीजेपी के सोशल मीडिया अकाउंट से ही लिया है। बता दें कि CJP इससे पहले भी धार्मिक मुद्दों को लेकर विवादों में रही है। नीट पेपर लीक के खिलाफ हुए आंदोलन के दौरान भी संगठन के एक नारे को लेकर विवाद हुआ था। उस समय भी संगठन पर सनातन धर्म का अपमान करने के आरोप लगे थे।

चुनाव नहीं लड़ेंगे अभिजीत दीपके

इस पूरे विवाद के बीच अभिजीत दीपके ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर भी बात की। उन्होंने साफ किया कि वह चुनाव नहीं लड़ेंगे और न ही उनकी कोई नई राजनीतिक पार्टी बनाने की योजना है। दीपके ने कहा कि उनका मकसद किसी राजनीतिक दल का समर्थन करना नहीं है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में CJP किसी भी पार्टी का समर्थन नहीं करेगी। फिलहाल 'मोदी चालीसा' को लेकर शुरू हुआ यह विवाद चर्चा में है। एक तरफ दीपके सोशल मीडिया पर सेंसरशिप के मुद्दे को उठा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ गाने को लेकर उनसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा सवाल पूछा जा रहा है। अब इस मामले पर आगे क्या प्रतिक्रिया आती है, इस पर सबकी नजर रहेगी।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts