Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

MP News : थाने में रखे सबूतों को चूहों ने किया चट, हाई कोर्ट ने पुलिस को लगाई फटकार

Follow on Google News
MP News : थाने में रखे सबूतों को चूहों ने किया चट, हाई कोर्ट ने पुलिस को लगाई फटकार
इंदौर। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने इंदौर पुलिस को फटकार लगाई है। इंदौर के एक थाने में रखे गए सबूतों और 28 अन्य नमूनों को चूहों ने नष्ट कर दिया। हाई कोर्ट ने सवाल उठाया कि जांच के दौरान जमा किए सबूतों को थाने में किस दयनीय स्थिति में रखा जाता है। कोर्ट ने पुलिस महानिदेशक को निर्देश भी दिया है कि वह राज्य के सभी थानों के मालखानों में रखे सामान की सुध लें, ताकि आइंदा ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

प्लास्टिक की बोलतों में रखा था विसरा

सबूत गायब होने का मामला तब सामने आया, जब कोर्ट ने गैर इरादतन हत्या के एक मामले के आरोपी की जमानत याचिका खारिज करते हुए 4 अक्टूबर को यह निर्देश दिया। पुलिस की ओर से हाई कोर्ट को बताया गया कि इस मामले में शहर के विजय नगर थाने में प्लास्टिक की बोतल में रखा विसरा (सबूत) बारिश के मौसम में चूहों द्वारा बर्बाद कर दिया गया है, नतीजतन यह सबूत नष्ट हो गया है और इसकी ‘हिस्टोपैथोलॉजी' जांच रिपोर्ट हासिल नहीं की जा सकी है। पुलिस की ओर से हाई कोर्ट को सूचित किया गया कि थाने में रखे 28 अन्य नमूनों को भी चूहों ने नुकसान पहुंचाया है।

इंदौर पीठ ने ने कहा- व्यस्त थानों में शुमार हैं विजय नगर थाना

हाई कोर्ट की इंदौर पीठ के जस्टिस सुबोध अभ्यंकर ने अपने आदेश में कहा कि इस घटना से खुलासा होता है कि जांच के दौरान जुटाई गई सामग्री को राज्य के थानों में कितनी ‘‘दयनीय'' स्थिति में रखा जाता है। हाई कोर्ट ने कहा कि जब इंदौर के सबसे व्यस्त थानों में शुमार विजय नगर थाने के ये हाल हैं, तो कोई भी व्यक्ति अंदाजा लगा सकता है कि छोटे स्थानों के थानों में क्या आलम होगा। एकल पीठ ने कहा,‘‘इन हालात के मद्देनजर पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिया जाता है कि वह राज्य के सभी थानों के मालखानों में रखे सामान की मौजूदा स्थिति पता करें ताकि आइंदा अन्य थानों में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।'' हाई कोर्ट ने सुझाया कि इस काम के लिए थानों को एक वेब लिंक भी भेजी जा सकती है, जिसके जरिए मालखाने में रखे सामान की जानकारी हर महीने अद्यतन की जा सकती है।

मालखाने को थाने के अन्य कमरे में स्थानांतरित करें

पुलिस की ओर से हाई कोर्ट को बताया गया कि विजय नगर थाने में रखे विसरा और 28 अन्य नमूनों को चूहों द्वारा नष्ट किए जाने के मामले में तत्कालीन थानाध्यक्ष और मालखाना प्रभारी के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई है। इसके साथ ही, मालखाने को थाने के अन्य कमरे में स्थानांतरित करते हुए इसमें रखे सामान की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts