रायपुर में मिठाई दुकानों पर बड़ा एक्शन,150 किलो मिठाई और 10 किलो पनीर नष्ट, 4 दुकानों के लाइसेंस सस्पेंड

रायपुर: रायपुर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। नियंत्रक दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में हुई जांच के दौरान चार प्रतिष्ठानों में स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। इसके बाद करीब 150 किलो मिठाई और 10 किलो पनीर नष्ट कराया गया। विभाग ने चारों प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर कम से कम तीन दिन दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
संबंधित खबर: त्योहारों से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, सोहागपुर-बनखेड़ी में मिठाई दुकानों से लिए 31 सैंपल
चार दुकानों पर कार्रवाई, स्वच्छता में मिली खामियां
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और आम लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक दीपक अग्रवाल स्वयं निरीक्षण करने पहुंचे। विभागीय टीम ने रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र स्थित न्यू जनता स्वीट्स, मां अंबे स्वीट्स, स्वीट हट एंड बेकरी और पचपेड़ी नाका स्थित रायपुर ढाबा की जांच की। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। खाद्य पदार्थों के रखरखाव और स्वच्छता संबंधी कमियों को देखते हुए विभाग ने तत्काल कार्रवाई की।
150 किलो मिठाई और 10 किलो पनीर नष्ट
जांच के दौरान विभागीय दल ने लगभग 150 किलोग्राम विभिन्न प्रकार की मिठाइयां और 10 किलोग्राम पनीर नष्ट करवाया। इसके साथ ही चारों प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। विभाग ने स्वच्छता व्यवस्था में सुधार होने तक कम से कम तीन दिन दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए हैं। कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की सुरक्षित उपलब्धता सुनिश्चित करना और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की रक्षा करना है।
खोवा से कलाकंद तक, खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए भेजे
निरीक्षण के दौरान खोवा, कुंदा, पनीर, बूंदी, बेसन के लड्डू, कलाकंद और छेने से बनी मिठाइयों सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। इन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है। विभाग के अनुसार, जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ अमानक पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी। प्रयोगशाला की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
संबंधित खबर: CG NEWS: छत्तीसगढ़ में खाद्य सुरक्षा का विस्तार, किसानों को रिकॉर्ड भुगतान से लेकर Grain ATM तक बड़ा बदलाव
नियंत्रक की दो टूक—खाद्य सुरक्षा से समझौता नहीं
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षित रखरखाव में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। खाद्य कारोबारियों के लिए निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है।उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण एवं कार्रवाई के दौरान नियंत्रक दीपक अग्रवाल के साथ उपायुक्त आशीष यादव, अभिहित अधिकारी विनोद गुप्ता, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कंचन वर्मा तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश राज, संतोष ध्रुव और डोमेन्द्र ध्रुव उपस्थित रहे।
आगे भी जारी रहेगा निरीक्षण अभियान
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बताया कि आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। डिस्क्लेमर: यह समाचार जिला जनसंपर्क कार्यालय, रायपुर से प्राप्त जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है। खाद्य पदार्थों के नमूनों की प्रयोगशाला जांच के परिणाम अभी उपलब्ध नहीं कराए गए हैं।




















