🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

रांची में छात्रों के विधानसभा मार्च पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 600 प्रदर्शनकारियों पर FIR

रांची में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के विरोध में हुए विधानसभा मार्च के बाद पुलिस ने 600 प्रदर्शनकारियों पर FIR दर्ज की है। 100 नामजद और 500 अज्ञात आरोपी बनाए गए हैं। छात्रों का आंदोलन जारी है, जबकि सरकार 98% मांगें मानने का दावा कर रही है।
Follow on Google News
रांची में छात्रों के विधानसभा मार्च पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 600 प्रदर्शनकारियों पर FIR
रांची में छात्रों के विधानसभा मार्च के दौरान हुई हिंसक झड़प के बाद पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई

रांची में छात्रों के विधानसभा मार्च के दौरान हुई हिंसक झड़प के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कुल 600 प्रदर्शनकारियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। इनमें 100 प्रदर्शनकारियों को नामजद किया गया है, जबकि 500 अज्ञात छात्रों और अन्य प्रदर्शनकारियों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस के मुताबिक, आंदोलन का नेतृत्व करने वाले प्रमुख प्रदर्शनकारियों को नामजद किया गया है। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था तोड़ने और हंगामा करने वाले अन्य लोगों की पहचान अभी की जा रही है।

10 अगस्त को हुआ था विधानसभा मार्च

दरअसल, 10 अगस्त को JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में छात्रों ने विधानसभा घेराव का ऐलान किया था। प्रदर्शन के दौरान जब छात्रों ने पुलिस का सुरक्षा घेरा तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, तो स्थिति बिगड़ गई। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर झड़प हुई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया।

जयपाल मुंडा स्टेडियम में आंदोलन जारी

पुलिस कार्रवाई के बावजूद छात्रों का आंदोलन खत्म नहीं हुआ है। छात्र अभी भी रांची के जयपाल मुंडा स्टेडियम में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच कई दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन JSSC-CGL परीक्षा और नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर अभी तक सहमति नहीं बन पाई है।

Student Protest

सरकार का दावा-98% मांगें मानीं

सरकार का कहना है कि छात्रों की करीब 98 प्रतिशत मांगों को स्वीकार किया जा चुका है, लेकिन कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर अभी भी गतिरोध बना हुआ है। वहीं, प्रदर्शनकारी छात्रों का दावा है कि उनकी प्रमुख मांगें अब तक पूरी तरह नहीं मानी गई हैं। छात्र पूरे मामले की CBI जांच कराने की मांग पर भी अड़े हुए हैं।

JPSC को लेकर भी बड़ा बदलाव

इस बीच, झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) को भंग किए जाने और उसके तीनों सदस्यों के इस्तीफा देने की बात सामने आई है। आयोग की सदस्य डॉ. अजिता भट्टाचार्य से भी पूछताछ की बात कही गई है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने छात्रों को पत्र लिखकर उनकी चिंताओं को दूर करने और भरोसा कायम करने की कोशिश की है। हालांकि, छात्रों का आंदोलन अभी जारी है और भर्ती परीक्षाओं की प्रक्रिया को लेकर सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव बना हुआ है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

icon

Latest Posts