छठ महापर्व की धूम! पीएम मोदी ने देशवासियों को दीं शुभकामनाएं, व्रतियों को किया नमन,11 KM लंबा घाट तैयार; जानें चारों दिन का पूरा कार्यक्रम

छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय के साथ हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए व्रत रखने वाले लोगों को नमन किया। दिल्ली में भी पूजा को लेकर खास तैयारियां की गई हैं। मुनक नहर के किनारे 11 किलोमीटर लंबा घाट बनाया गया है। वहीं, बाजारों में पूजा की सामग्री और सब्जियों की मांग बढ़ गई है।
छठ महापर्व की धूम! पीएम मोदी ने देशवासियों को दीं शुभकामनाएं, व्रतियों को किया नमन,11 KM लंबा घाट तैयार; जानें चारों दिन का पूरा कार्यक्रम
छठ महापर्व 2026

नई दिल्ली। सूर्य देव और छठी मइया की पूजा का चार दिवसीय महापर्व शुक्रवार से शुरू हो गया है। पहले दिन नहाय-खाय के साथ व्रतियों ने पूजा का संकल्प लिया। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया के जरिए देशवासियों को बधाई दी और व्रत रखने वाले सभी लोगों को नमन किया। राजधानी दिल्ली में भी छठ पूजा को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है। अलग-अलग इलाकों में घाट सजाए गए हैं और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पानी, रोशनी और सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।

पीएम मोदी ने छठ की शुरुआत पर दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छठ महापर्व के पहले दिन देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संदेश साझा करते हुए कहा कि छठ सूर्य उपासना और लोक आस्था का पावन पर्व है। उन्होंने सभी व्रतियों को नमन किया और कामना की कि छठी मइया का आशीर्वाद हर किसी पर बना रहे। इस संदेश के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने एक-दूसरे को छठ की बधाई दी।

X Post

दिल्ली में 11 किलोमीटर लंबा घाट बना आकर्षण

छठ पूजा को लेकर दिल्ली में इस बार बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। मुनक नहर के दोनों किनारों पर करीब 11 किलोमीटर लंबा घाट तैयार किया गया है। लगभग 115.29 करोड़ रुपये की लागत से बने इस घाट का उद्घाटन भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया। यहां श्रद्धालुओं के लिए पूजा और अर्घ्य देने की सुविधाएं विकसित की गई हैं। सरकार का कहना है कि इस बार आयोजन को पहले से बेहतर बनाने की कोशिश की गई है।

Dev Uthani Ekadashi 2026: 19 या 20 नवंबर को मनाई जाएगी देवउठनी एकादशी, जानें पूजा मुहूर्त और 4 खास उपाय

कद्दू और लौकी के दाम में हुआ इजाफा

नहाय-खाय के दिन कद्दू-भात बनाने की परंपरा के कारण बाजारों में लौकी और कद्दू की मांग बढ़ गई है। पूर्वी दिल्ली के बाजारों में इन सब्जियों के दाम सामान्य दिनों के मुकाबले काफी बढ़ गए हैं। जो लौकी और कद्दू पहले 20 से 35 रुपये किलो मिल रहे थे, वे अब 60 से 80 रुपये किलो तक बिक रहे हैं। इसके अलावा नारियल, फल, सूप और दौरा जैसी पूजा सामग्री की खरीदारी भी तेज हो गई है।

घाटों पर सुरक्षा और सफाई के खास इंतजाम

दिल्ली के कई इलाकों में कृत्रिम घाट तैयार किए गए हैं। मयूर विहार, त्रिलोकपुरी, कोंडली, गाजीपुर, कृष्णा नगर और दिलशाद गार्डन सहित कई जगहों पर पूजा की व्यवस्था की गई है। कुछ घाटों पर साफ पानी भरने के साथ रोशनी और सफाई का भी इंतजाम किया गया है। पुलिस ने पूजा समितियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और भीड़ को संभालने के निर्देश दिए हैं। वहीं, वजीराबाद के सिग्नेचर ब्रिज के पास छह साल बाद सात अलग-अलग मंच और पंडाल सजाए जा रहे हैं।

छठ पूजा के चार दिन का पूरा कार्यक्रम

छठ महापर्व का पहला दिन 13 नवंबर को नहाय-खाय के रूप में मनाया जा रहा है। इस दिन व्रती स्नान करके कद्दू-भात और चने की दाल का प्रसाद ग्रहण करते हैं। 14 नवंबर को खरना होगा, जिसमें शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद बनाया जाएगा। इसके बाद करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा। 15 नवंबर को तीसरे दिन डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा। इसके लिए व्रती परिवार के साथ नदी, तालाब और घाटों पर पहुंचेंगे। वहीं, 16 नवंबर को सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके बाद व्रती प्रसाद ग्रहण कर व्रत का पारण करेंगे और चार दिवसीय महापर्व संपन्न होगा

13 नवंबर से शुरू होगा छठ महापर्व, जानिए नहाय-खाय कब है और कब खुलेगा 36 घंटे का निर्जला व्रत

छठ के जरिए दिख रही भाईचारे की मिसाल

दिल्ली में छठ पूजा की तैयारियों के बीच आपसी भाईचारे की तस्वीरें भी सामने आ रही हैं। कई जगहों पर दूसरे धर्मों के लोग भी घाटों की सफाई और श्रद्धालुओं की मदद में जुटे हैं। कोई पानी बांट रहा है तो कोई चाय की व्यवस्था कर रहा है। वहीं, आईटीओ के हाथी घाट पर दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों ने छठ पूजा से जुड़ी सुंदर चित्रकला बनाई है। इन तस्वीरों में सूर्य को अर्घ्य देने और छठ की परंपराओं को दिखाया गया है।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी)| एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारियों...

Latest Posts