Microsoft का सर्वर ठप! 5 घंटे तक Outlook और Teams रहे प्रभावित, अब कंपनी ने बहाल की सेवाएं

दुनिया की बड़ी टेक कंपनियों में शामिल Microsoft की सेवाओं में आई खराबी से गुरुवार को हजारों यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ा। कंपनी का ईमेल प्लेटफॉर्म Outlook, वीडियो मीटिंग ऐप Teams और Microsoft 365 कई घंटों तक ठीक से काम नहीं कर पाए। इसका असर भारत समेत कई देशों के यूजर्स पर देखने को मिला। लोग न तो आसानी से अपने ईमेल अकाउंट खोल पा रहे थे और न ही संदेश भेज पा रहे थे। करीब पांच घंटे से ज्यादा समय तक चली इस परेशानी के बाद कंपनी ने सर्वर ठीक करने और सेवाएं बहाल करने का काम शुरू किया।
Outlook से लेकर Teams तक पर पड़ा असर
Microsoft की सेवाओं में आई खराबी का सबसे ज्यादा असर Outlook पर देखने को मिला। कई यूजर्स ने बताया कि उनका इनबॉक्स नहीं खुल रहा था। कुछ लोग ईमेल भेजने में परेशान हुए तो कई लोगों को नए ईमेल मिलने में दिक्कत आई। इसके अलावा Microsoft 365 के दूसरे ऐप और ऑनलाइन मीटिंग के लिए इस्तेमाल होने वाला Teams भी प्रभावित हुआ। AI टूल Copilot के कुछ फीचर और दूसरी सेवाओं पर भी इसका असर पड़ा। इससे कई दफ्तरों और ऑनलाइन काम करने वाले लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई।
टोल प्लाजा पर मारपीट के मामले में NHAI का बड़ा एक्शन, एजेंसी पर 15 लाख का जुर्माना
Downdetector पर एक लाख से ज्यादा शिकायतें
सेवाओं में आई परेशानी की जानकारी देने वाली वेबसाइट Downdetector पर शिकायतों की संख्या तेजी से बढ़ी। रिपोर्ट के मुताबिक, Outlook को लेकर एक समय में करीब 1.30 लाख शिकायतें दर्ज की गईं। वहीं, Microsoft 365 के लिए भी हजारों यूजर्स ने परेशानी बताई। शुरुआत में लोगों को लगा कि समस्या कुछ इलाकों तक सीमित है, लेकिन बाद में इसका असर कई देशों में सामने आया। बड़ी संख्या में शिकायतें मिलने के बाद कंपनी को स्थिति पर सफाई देनी पड़ी।
आखिर क्यों बंद पड़े Microsoft के सर्वर?
Microsoft ने बताया कि कुछ सर्वर पर सामान्य से ज्यादा दबाव पड़ रहा था। इसके कारण कनेक्शन में परेशानी आने लगी। जांच के दौरान यह भी पता चला कि कुछ सर्वर अचानक काम करना बंद कर चुके थे। कंपनी के अनुसार, सर्वर की जांच करने वाले अपने आप चलने वाले सिस्टम में आई दिक्कत भी इसकी एक वजह थी। इस खराबी के चलते कई यूजर्स को सेवाओं से जुड़ने में परेशानी हुई। हालांकि, कंपनी ने शुरुआत में इस समस्या की पूरी वजह साफ नहीं की थी।
कंपनी ने कैसे ठीक की तकनीकी खराबी?
Microsoft की टीम ने समस्या सामने आने के बाद प्रभावित सर्वर को दोबारा चालू करने का काम शुरू किया। इसके साथ ही कंपनी ने खराबी का पता लगाने के लिए जांच का दूसरा तरीका अपनाया। Microsoft 365 के आधिकारिक स्टेटस अकाउंट पर बताया गया कि सर्वर की उपलब्धता बेहतर हो रही है और सेवाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है। कंपनी ने यह भी कहा कि सुधार के बाद सेवाओं को धीरे-धीरे सामान्य किया जा रहा है।
Teams की सेवा पहले हुई सामान्य
कंपनी ने जानकारी दी कि उत्तरी अमेरिका में Teams से जुड़ी परेशानी को पहले ही ठीक कर लिया गया था। हालांकि, इसके बाद भी कुछ यूजर्स ने कनेक्शन से जुड़ी शिकायतें कीं। दूसरी ओर Outlook और Microsoft 365 की सेवाओं को पूरी तरह सामान्य करने का काम जारी रहा। इस आउटेज का असर OpenAI और Anthropic की AI सेवाओं में इस्तेमाल होने वाले कुछ Microsoft कनेक्टर्स पर भी पड़ा। कंपनी ने यूजर्स को सेवाओं की स्थिति से जुड़ी जानकारी अपने Microsoft 365 स्टेटस पेज पर देखने की सलाह दी।
Huawei Nova 18 में मिल सकता है 68MP सेल्फी कैमरा, 200MP मेन कैमरे के साथ हो सकता है लॉन्च
AI और क्लाउड पर बढ़ रहा Microsoft का खर्च
Microsoft इन दिनों AI और क्लाउड से जुड़ी सेवाओं को मजबूत करने में बड़े स्तर पर निवेश कर रही है। हाल ही में कंपनी ने करीब 60 हजार कर्मचारियों के लिए स्वेच्छा से नौकरी छोड़ने का विकल्प देने की खबरों को लेकर भी चर्चा बटोरी थी। हालांकि, इस योजना का मतलब सभी कर्मचारियों की नौकरी जाना नहीं है। कंपनी का कहना है कि यह उन कर्मचारियों के लिए एक विकल्प है, जो अपने करियर में आगे दूसरे रास्ते चुनना चाहते हैं।




















