Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

रक्षाबंधन पर सफर बना काल! ब्रिज पर रगड़ाई स्लीपर बस, कांच टूटे तो नीचे गिरे यात्री, 4 की मौत

राजगढ़ के ब्यावरा में रक्षाबंधन के दिन स्लीपर बस के भीषण हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। घुमावदार ब्रिज पर बस अनियंत्रित होकर सुरक्षा दीवार से टकराई और रगड़ाती हुई आगे बढ़ी। इस दौरान ऊपर की बर्थ पर सो रहे कुछ यात्री टूटे शीशों से नीचे जा गिरे। हादसे में चार लोगों की मौत और 11 यात्रियों के घायल होने की सूचना है।
रक्षाबंधन पर सफर बना काल! ब्रिज पर रगड़ाई स्लीपर बस, कांच टूटे तो नीचे गिरे यात्री, 4 की मौत
ब्यावरा बस हादसा

राजगढ़। शुक्रवार सुबह ब्यावरा के भोपाल बायपास पर कानपुर से इंदौर जा रही स्लीपर कोच बस दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसा घुमावदार ब्रिज पर हुआ, जहां बस अचानक एक तरफ झुक गई और सुरक्षा दीवार से टकराने के बाद काफी दूर तक रगड़ाती चली गई। उस समय बस की ऊपरी बर्थ पर कई यात्री सो रहे थे। अचानक हुई टक्कर से खिड़कियों के कांच टूट गए और कुछ यात्री बस से बाहर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शुरुआती जानकारी में चार यात्रियों की मौत और 11 लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। चार गंभीर घायलों को भोपाल भेजा गया।

सोते यात्रियों को संभलने का मौका नहीं मिला

ब्रिज का मोड़ पार करते समय बस का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते बस एक तरफ झुककर दीवार से घिसटने लगी। तेज झटके के कारण ऊपर की बर्थ पर सो रहे यात्रियों को संभलने का मौका नहीं मिला। शीशे टूटने से कुछ यात्री नीचे जा गिरे, जबकि कई लोग बस के अंदर ही घायल हो गए।

मॉर्निंग वॉक कर रहे लोगों ने देखा हादसा

हादसे के वक्त आसपास कुछ लोग सुबह की सैर पर निकले थे। प्रत्यक्षदर्शी एडवोकेट अंकुर राजन के मुताबिक, उन्होंने बस से यात्रियों को नीचे गिरते देखा। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। लोगों ने पुलिस के पहुंचने तक घायलों की मदद की। एंबुलेंस पहुंचने में करीब 30 मिनट लगने का दावा भी प्रत्यक्षदर्शियों ने किया है।

ये भी पढ़ें: त्योहार से पहले मावा-पनीर पर एक्शन! रात में प्लांट पहुंची खाद्य विभाग की टीम और 20 हजार का माल किया जब्त

चार की मौत, 11 घायल

हादसे में चार यात्रियों की मौत की सूचना है। मृतकों में बेंगलुरु में पदस्थ साइबर इंस्पेक्टर रवि केबी के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। बताया गया कि वह एक आरोपी को पकड़ने के लिए अपनी टीम के साथ इंदौर आ रहे थे। टीम के दो अन्य सदस्य विश्वनाथ और रमेश के घायल होने की जानकारी है।

चार गंभीर घायलों को भोपाल भेजा

घटना के बाद सभी घायलों को ब्यावरा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों और स्टाफ ने तत्काल उपचार शुरू किया। 11 घायलों में चार की हालत गंभीर बताई गई, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद भोपाल रेफर किया गया। कुछ यात्रियों के परिजन भी सूचना मिलने के बाद अस्पताल पहुंचे।

SP बोले- ओवरस्पीड की आशंका

SP अमित तोलानी ने बताया कि शुरुआती जांच में बस की तेज रफ्तार हादसे की वजह हो सकती है। ब्रिज घुमावदार होने के कारण यहां दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे की जानकारी मिलते ही एसपी और एसडीएम गोविंद दुबे मौके पर पहुंचे और बाद में अस्पताल जाकर घायलों का हाल जाना।

ये भी पढ़ें: स्वच्छता की सिपाहियों ने बांधी महापौर को राखी:- कहा ,आपके बिना स्वच्छ इंदौर की कल्पना नहीं

ब्रिज पर संकेतक लगाने की बात

राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार भी सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात की और डॉक्टरों से उपचार की जानकारी ली। मंत्री ने कहा कि ब्रिज के कर्व को देखते हुए जरूरी संकेतक और ब्रेकर लगाने के संबंध में बात की जाएगी। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी) | एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारिय...Read More

Latest Posts