ऐतिहासिक सिनेमा के प्रशंसकों के लिए बड़ी खबर है। ‘राजा शिवाजी’ का बहुप्रतीक्षित फर्स्ट लुक टीजर अब बड़े परदे पर दस्तक देने जा रहा है। खास बात यह है कि यह टीजर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नहीं, बल्कि सिर्फ सिनेमाघरों में ही देखने को मिलेगा। इस एक्सक्लूसिव झलक को ‘धुरंधर द रिवेंज’ के साथ जोड़ा गया है, जिसके पेड प्रीव्यू 18 मार्च से शुरू हो चुके हैं। यानी जो दर्शक इस फिल्म को थिएटर में देखेंगे, वही सबसे पहले ‘राजा शिवाजी’ की पहली झलक देख पाएंगे।
इस भव्य फिल्म में रितेश देशमुख न सिर्फ निर्देशन कर रहे हैं, बल्कि मुख्य भूमिका में भी नजर आएंगे। फिल्म में महान योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन, संघर्ष और स्वराज्य के संकल्प को बड़े स्तर पर दिखाया जाएगा। कहानी एक ऐसे युवा की यात्रा को दर्शाती है, जिसने कठिन परिस्थितियों के बावजूद बड़ी ताकतों के खिलाफ खड़े होकर स्वराज्य की नींव रखी। फिल्म का म्यूजिक मशहूर जोड़ी अजय–अतुल ने तैयार किया है, जबकि सिनेमैटोग्राफी दिग्गज संतोष सिवन ने संभाली है। इस मेगा प्रोजेक्ट को जियो स्टूडियोज प्रस्तुत कर रहा है, जबकि ज्योति देशपांडे और जिनिलिया देशमुख इसे मुंबई फिल्म कंपनी के तहत प्रोड्यूस कर रहे हैं।
[breaking type="Breaking"]
‘राजा शिवाजी’ 1 मई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। मेकर्स का दावा है कि यह फिल्म भारतीय इतिहास, साहस और स्वराज्य की भावना को भव्य सिनेमाई अनुभव के रूप में पेश करेगी। ‘राजा शिवाजी’ सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि एक मेगा सिनेमैटिक इवेंट के तौर पर पेश की जा रही है। अब देखने वाली बात होगी कि क्या यह फिल्म दर्शकों की उम्मीदों पर खरी उतर पाती है और भारतीय ऐतिहासिक सिनेमा में नया बेंचमार्क सेट कर पाती है।
मेकर्स ने साफ किया है कि ‘राजा शिवाजी’ का फर्स्ट लुक टीजर ‘धुरंधर द रिवेंज’ के साथ जोड़ने का मकसद भी यही है कि सिनेमा हॉल में आने वाले दर्शकों को एक प्रीमियम अनुभव दिया जाए—कुछ वैसा ही जैसा पहले बड़े स्टार्स की फिल्मों के ट्रेलर्स के साथ किया जाता था। फिल्म की सबसे बड़ी खासियत है रितेश का डबल रिस्पॉन्सिबिलिटी लेना। वे न सिर्फ फिल्म को डायरेक्ट कर रहे हैं, बल्कि छत्रपति के किरदार में भी हैं। रितेश के लिए यह एक ड्रीम प्रोजेक्ट माना जा रहा है, क्योंकि महाराष्ट्र और भारतीय इतिहास में शिवाजी महाराज की छवि बेहद प्रेरणादायक और भावनात्मक जुड़ाव रखने वाली है।
ये भी पढ़ें: ‘राजा शिवाजी’ का पहला पोस्टर रिलीज ; 1 मई 2026 को सिनेमा में देगी दस्तक
फिल्म केवल बायोपिक नहीं होगी, बल्कि एक बड़े कैनवस पर बनी ऐतिहासिक गाथा होगी। इसमें शिवाजी महाराज के बचपन और शुरुआती संघर्ष, आदिलशाही और मुगलों के खिलाफ रणनीतिक युद्ध, गुरिल्ला वॉरफेयर (गनिमी कावा) की रणनीति, स्वराज्य की स्थापना का सपना। इन सभी पहलुओं को सिनेमाई भव्यता के साथ पेश किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, फिल्म में बड़े युद्ध दृश्य, किले, और रियल लोकेशन्स का इस्तेमाल किया गया है, जिससे विजुअल्स काफी ग्रैंड नजर आएंगे।