'रामायण' से टला 'गॉडजिला माइनस जीरो' का क्लैश, भारत में क्यों आगे बढ़ी रिलीज डेट?

बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' और जापानी फिल्म 'गॉडजिला माइनस जीरो' के बीच होने वाला बॉक्स ऑफिस क्लैश अब टलता नजर आ रहा है। दोनों फिल्मों की रिलीज में सिर्फ एक दिन का अंतर था। ऐसे में फैंस बड़े पर्दे पर इन दोनों फिल्मों की टक्कर देखने के लिए उत्साहित थे। लेकिन अब खबर है कि भारत में 'गॉडजिला माइनस जीरो' की रिलीज आगे बढ़ाई जा सकती है। इसके पीछे की वजह भी सामने आ गई है।
क्यों टली 'गॉडजिला माइनस जीरो' की रिलीज?
'लेट्स सिनेमा' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में IMAX स्क्रीन उपलब्ध नहीं होने की वजह से 'गॉडजिला माइनस जीरो' की रिलीज को आगे बढ़ाने का फैसला लिया जा सकता है। दरअसल, फिल्म को IMAX फॉर्मेट में रिलीज करने की तैयारी थी, लेकिन इसी दौरान रणबीर कपूर स्टारर 'रामायण' भी सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण' को भी IMAX फॉर्मेट में रिलीज किया जाना है। ऐसे में दोनों फिल्मों के बीच प्रीमियम स्क्रीन को लेकर मुकाबले की स्थिति बन रही थी।
नई रिलीज डेट पर विचार कर रही है कंपनी
123तेलुगु की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में फिल्म के डिस्ट्रीब्यूशन की जिम्मेदारी संभाल रही PVR INOX Pictures इसकी नई रिलीज डेट पर विचार कर सकती है। ऐसा इसलिए किया जा रहा है, ताकि फिल्म को भारत में ज्यादा से ज्यादा स्क्रीन मिल सकें और दर्शक इसे बड़े पर्दे पर बेहतर अनुभव के साथ देख सकें। हालांकि, अभी तक फिल्म की रिलीज टलने या नई तारीख को लेकर मेकर्स अथवा डिस्ट्रीब्यूटर्स की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
दिसंबर में भी IMAX स्क्रीन के लिए होगी टक्कर
अगर 'गॉडजिला माइनस जीरो' की रिलीज आगे बढ़ाई जाती है, तो फिल्म के पास नई तारीख तय करने के लिए ज्यादा समय नहीं होगा। इसकी वजह यह है कि दिसंबर में 'एवेंजर्स: डूम्सडे' और 'ड्यून पार्ट थ्री' जैसी बड़ी फिल्में भी सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली हैं। इन फिल्मों के लिए भी प्रीमियम फॉर्मेट की स्क्रीन को लेकर मुकाबला देखने को मिल सकता है। ऐसे में 'गॉडजिला माइनस जीरो' के लिए सही रिलीज डेट चुनना डिस्ट्रीब्यूटर्स के सामने एक बड़ी चुनौती होगी।
क्या है 'गॉडजिला माइनस जीरो' की कहानी और खासियत?
'गॉडजिला माइनस जीरो' को जापानी फिल्ममेकर ताकाशी यामाजाकी ने डायरेक्ट किया है। यह साल 2023 में रिलीज हुई फिल्म 'गॉडजिला माइनस वन' का सीक्वल है। खास बात यह है कि 'गॉडजिला माइनस जीरो' IMAX में शूट होने वाली पहली जापानी फिल्म है। फिल्म 3 नवंबर को जापान में रिलीज होने वाली है, जबकि उत्तरी अमेरिका में इसकी रिलीज 6 नवंबर तय की गई है। अब देखना होगा कि भारत में फिल्म की रिलीज डेट को लेकर मेकर्स क्या फैसला लेते हैं और दर्शकों को बड़े पर्दे पर गॉडजिला का खौफ कब देखने को मिलेगा।




















