रायसेन में वाहन की टक्कर से तेंदुए की मौत, वन विभाग ने दर्ज किया मामला

रायसेन। जिला मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर दूर यह घटना हुई। पोस्टमार्टम में तेंदुए की मौत सिर में गंभीर चोट लगने से होने की पुष्टि हुई है। वन विभाग ने वन अपराध का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सागर मार्ग पर अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
रायसेन जिले में सागर मार्ग पर एक वाहन की टक्कर से तेंदुए की मौत हो गई। यह घटना जिला मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर दूर हुई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वनमंडलाधिकारी (डीएफओ) प्रतिभा शुक्ला ने बताया कि तेंदुए के सिर में गंभीर चोट के निशान मिले थे।
ये भी पढ़ें: बांधवगढ़ में बाघ से संघर्ष में तेंदुए की मौत, पनपथा कोर रेंज के बघडो बीट में मिला कुछ दिन पुराना शव
पोस्टमार्टम में सिर में चोट से मौत की पुष्टि
डीएफओ प्रतिभा शुक्ला के अनुसार, मृत तेंदुए की उम्र करीब दो से तीन वर्ष थी। वन्यजीव चिकित्सक डॉ. अमित ओझा और रायसेन की पशु चिकित्सक डॉ. अमर ज्योति टोप्पो ने तेंदुए का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम में सिर में चोट लगने के कारण उसकी मौत होने की पुष्टि हुई। जांच के दौरान तेंदुए के शरीर के सभी अंग सुरक्षित पाए गए।
घटनास्थल की घेराबंदी कर चलाया तलाशी अभियान
शुक्ला ने बताया कि घटना वन परिक्षेत्र पूर्व रायसेन की अमरावद बीट के कक्ष क्रमांक आरएफ-381 की वन सीमा से करीब 165 मीटर दूर राजस्व भूमि पर हुई। दिल्ली स्थित राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) और मध्यप्रदेश के मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक कार्यालय की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार घटनास्थल की घेराबंदी की गई। इसके बाद खोजी कुत्तों के दल की मदद से घटनास्थल और आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया।
वन अधिकारियों की मौजूदगी में किया गया अंतिम संस्कार
निर्धारित प्रक्रिया के तहत मृत तेंदुए का वन अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। वन विभाग की ओर से पूरी कार्रवाई की तस्वीरें और वीडियो भी तैयार किए गए हैं। पोस्टमार्टम और अन्य जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद विभाग ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू की।




















