इंदौर में कोतवाली थाने के पास चोरों का आतंक! सब्बल से शटर उचकाया, दुकान में बैठकर गिने नोट

इंदौर। शहर में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब उन्हें पुलिस थाने और चौकी के आसपास भी वारदात करने से डर नहीं लग रहा है। कोतवाली थाने से कुछ ही दूरी पर चोरों ने इलेक्ट्रिक दुकानों को निशाना बनाते हुए जमकर उत्पात मचाया। बदमाश सब्बल की मदद से दुकान का शटर उचकाकर अंदर घुसे और नकदी, मोबाइल फोन सहित कीमती सामान लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि वारदात पुलिस चौकी और कई थानों के नजदीक हुई, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
रात 3 बजे पहुंचे बदमाश, सब्बल से उखाड़ दिया दुकान का शटर
पुलिस के मुताबिक चोरी की घटना महारानी रोड स्थित महालक्ष्मी कॉम्प्लेक्स की है। रात में दुकान संचालक रोहित खत्री और प्रतीक बेहरानी दुकान बंद कर घर चले गए थे। देर रात करीब 3 बजे दो बदमाश वहां पहुंचे। उन्होंने पहले दुकान के शटर को निशाना बनाया और सब्बल लगाकर उसे ऊपर की तरफ उचकाया। शटर खुलते ही दोनों बदमाश अंदर दाखिल हो गए और बेखौफ होकर चोरी करने लगे।बदमाशों ने दुकान में रखी नकदी, मोबाइल फोन और अन्य सामान समेट लिया। सुबह जब व्यापारी दुकान खोलने पहुंचे तो बिखरा सामान और चोरी का पता चला। इसके बाद इलाके के व्यापारियों में हड़कंप मच गया।
ये भी पढ़ें: इंदौर में टीवी सीरियल से सीखी हत्या की प्लानिंग! दोस्त की हत्या कर जलाया शव, मोबाइल घर में छोड़ा और रास्ता बदलकर भागा
दुकान में घुसे, गल्ला तोड़ा और बैठकर गिनने लगे नोट
चोरी के दौरान बदमाशों की बेखौफ हरकतें सीसीटीवी फुटेज में सामने आई हैं। फुटेज में दो आरोपी दुकान के भीतर नजर आ रहे हैं। वे दुकान में रखी नकदी निकालने के बाद नोट गिनते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। बदमाशों ने केवल एक दुकान को ही निशाना नहीं बनाया, बल्कि पास की एक अन्य दुकान का ताला तोड़कर वहां भी चोरी की। दूसरी दुकान में घुसकर आरोपियों ने गल्ला तोड़ा और नकदी व मोबाइल फोन लेकर निकल गए।
ये भी पढ़ें: हसीना की वापसी से पहले बांग्लादेश में सख्ती, पूर्व उप प्रेस सचिव समेत 3 गिरफ्तार
थाने, चौकी और क्राइम ब्रांच के नजदीक वारदात, व्यापारियों ने उठाए सवाल
इस घटना ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस स्थान पर चोरी हुई, वहां से कुछ ही दूरी पर पुलिस चौकी मौजूद है। इसके अलावा कोतवाली थाना, क्राइम ब्रांच और ट्रैफिक थाना भी आसपास ही हैं। इसके बावजूद बदमाशों ने देर रात दुकानों के ताले तोड़े और आराम से चोरी कर फरार हो गए।सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद व्यापारी एकत्र हो गए। उनका कहना था कि जब पुलिस थाने और चौकी के आसपास ही दुकानें सुरक्षित नहीं हैं, तो शहर के दूसरे बाजारों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। व्यापारियों ने रात के समय पुलिस की गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
ये भी पढ़ें: पुतिन से दोस्ती क्यों जरूरी मान रहे ट्रंप? रूस-यूक्रेन युद्ध रोकने के लिए बताया अपना प्लान
महारानी रोड और न्यू सियागंज में चार से ज्यादा चोरियां, अब तक गिरफ्तारी नहीं
व्यापारियों के मुताबिक महारानी रोड और न्यू सियागंज क्षेत्र में दीपावली के पहले से अब तक चोरी की चार से ज्यादा वारदात हो चुकी हैं। लगातार हो रही घटनाओं ने कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। व्यापारियों का आरोप है कि कई घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपने के बावजूद अब तक चोरों को पकड़ने में सफलता नहीं मिली है।व्यापारियों का कहना है कि दीपावली के दौरान बाजार की दुकानें रात करीब एक बजे तक खुलती थीं। इसके बावजूद चोर वारदातों को अंजाम देते रहे। दुकानों के बंद होने के बाद रात के पांच-छह घंटे तक बाजार में पर्याप्त पुलिस निगरानी नहीं होने से बदमाशों को मौका मिल रहा है।
ये भी पढ़ें: अमेरिका में तूफान से बिगड़े हालात! 9 लाख घरों में बिजली बंद, 400 उड़ानें रद्द; मैसीज परेड भी टली
कैट पदाधिकारी पहुंचे एसीपी कार्यालय, गश्त बढ़ाने की मांग
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नाराज कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के पदाधिकारी और व्यापारी गुरुवार को एसीपी कार्यालय पहुंचे। कैट के जिला अध्यक्ष जितेंद्र रामनानी ने एसीपी अपूर्वा किलेदार से मुलाकात कर बाजारों में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की।व्यापारियों ने कहा कि चोरों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं। एक के बाद एक दुकानों को निशाना बनाया जा रहा है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर अब तक कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया है। उन्होंने चोरी की घटनाओं में मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी करने की मांग रखी।
एसीपी ने CCTV व्यवस्था सुधारने की दी सलाह
एसीपी अपूर्वा किलेदार ने व्यापारियों को बाजारों में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था बेहतर करने का सुझाव दिया। इस पर व्यापारियों ने बताया कि पहले हुई चोरी की एक घटना के दो सीसीटीवी फुटेज पुलिस थाने में दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक आरोपियों का पता नहीं चल पाया है। व्यापारियों ने यह भी आशंका जताई कि दो अलग-अलग घटनाओं के फुटेज देखने पर चोरी करने वाले बदमाश एक ही गिरोह के सदस्य लग रहे हैं।




















