भोपाल: ऐशबाग के जनता क्वार्टर का आखिरी मकान भी टूटेगा, हाईकोर्ट ने हटाया सुरक्षा कवच

भोपाल के ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर में बचे आखिरी मकान को शुक्रवार को तोड़ा जाएगा। इसके साथ ही कॉलोनी के सभी 600 ईडब्ल्यूएस मकानों को ध्वस्त करने की कार्रवाई पूरी हो जाएगी।
भोपाल: ऐशबाग के जनता क्वार्टर का आखिरी मकान भी टूटेगा, हाईकोर्ट ने हटाया सुरक्षा कवच
भोपाल के जनता क्वार्टर का आखिरी मकान भी टूटेगा

भोपाल। इससे पहले 23 नवंबर को 599 मकानों को जमींदोज किया गया था, जबकि एक मकान को हाईकोर्ट से मोहलत मिली थी। अब स्टे हटने के बाद प्रशासन इसे भी खाली कराकर तोड़ेगा। प्रभावित परिवार को कलेक्टर रेट के हिसाब से करीब 1,405 रुपए प्रतिमाह किराया दिया जाएगा। वहीं, री-डेवलपमेंट प्रोजेक्ट के लिए जमीन का दोबारा सर्वे कराने की तैयारी है, क्योंकि रिकॉर्ड में दर्ज जमीन और मौके पर उपलब्ध जमीन के बीच 1.73 एकड़ का अंतर सामने आया है।

शुक्रवार को तोड़ा जाएगा आखिरी मकान

ऐशबाग के जनता क्वार्टर में ब्लॉक नंबर 465 से अदालती स्टे हटने के बाद प्रशासन ने इसे तोड़ने की तैयारी कर ली है। शुक्रवार को इस मकान को खाली कराकर ध्वस्त किया जाएगा। संबंधित व्यक्ति के पास केवल एक वैध आवंटित फ्लैट था, जबकि उसने तीन अन्य फ्लैटों पर भी अवैध कब्जा कर रखा था।

ये भी पढ़ें: भोपाल के ऐशबाग में सोमवार से टूटेंगे 599 जनता क्वार्टर, हाईकोर्ट ने रोक लगाने से किया इनकार

फरियादी को मिली सात दिन की मोहलत

सुनवाई के दौरान फरियादी ने नया ठिकाना तलाशने के लिए समय मांगा था। इस पर हाईकोर्ट ने उसे सात दिन की मोहलत दी है। इस अवधि में उसे रैन बसेरे में ठहराया जाएगा। साथ ही अन्य प्रभावित परिवारों की तरह कलेक्टर रेट के हिसाब से करीब 1,405 रुपए प्रतिमाह किराया भी दिया जाएगा।

5.73 एकड़ की जगह मौके पर मिली 4 एकड़ जमीन

जनता क्वार्टर के जर्जर मकानों को तोड़ने के बाद अब री-डेवलपमेंट प्रोजेक्ट की तैयारी चल रही है। इसके लिए प्राइमरी प्रोजेक्ट रिपोर्ट (PPR) बनाई जा रही है, जिसे बोर्ड मीटिंग में रखा जाएगा। इसके बाद डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार होगी। इसी बीच डिजिटल सर्वे में सामने आया कि रिकॉर्ड में दर्ज 5.73 एकड़ जमीन के मुकाबले मौके पर केवल 4 एकड़ जमीन उपलब्ध है। यानी 1.73 एकड़ का अंतर मिला है।

हाउसिंग बोर्ड दोबारा कराएगा जमीन का सर्वे

जमीन के रकबे में अंतर सामने आने के बाद एमपी हाउसिंग बोर्ड दोबारा सर्वे कराने की तैयारी कर रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, उपलब्ध जमीन की सही माप के आधार पर ही री-डेवलपमेंट प्रोजेक्ट तैयार किया जाएगा। कॉलोनी के चारों ओर सड़कें बनी हुई हैं और खाली जगह पर पानी की टंकी भी निर्मित है। जमीन कम मिलने की वजह अतिक्रमण मानी जा रही है।

Breaking News

1986-87 में बनाए गए थे 600 ईडब्ल्यूएस मकान

एमपी हाउसिंग बोर्ड ने ऐशबाग की ईडब्ल्यूएस कॉलोनी का निर्माण वर्ष 1986-87 में खसरा नंबर 801, 802, 803, 804 और 870 के अंशभाग में कराया था। यहां कुल 600 मकान बनाए गए थे। 23 अक्टूबर 1992 को कॉलोनी भोपाल नगर निगम को हस्तांतरित कर दी गई थी। इसके बाद 16 अगस्त 2016 को निगम ने इन भवनों को जर्जर घोषित कर दिया था।

2018 से शुरू हुई थी मकान खाली कराने की प्रक्रिया

मकानों को जर्जर घोषित किए जाने के बाद हाउसिंग बोर्ड ने 2 मार्च 2018 को रहवासियों को भवन खाली करने के नोटिस जारी किए थे। इसके बाद 14 जून 2021 को भी मकान खाली कराने के लिए नोटिस दिए गए। लंबे समय तक कार्रवाई नहीं होने के बाद 13 नवंबर 2026 को अंतिम चेतावनी जारी की गई। इसके बाद 23 नवंबर को 599 मकानों को जमींदोज कर दिया गया। अब आखिरी मकान टूटने के साथ ही जनता क्वार्टर के सभी 600 मकानों को हटाने की कार्रवाई पूरी हो जाएगी।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...

Latest Posts