Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पुलिस ने की स्पा सेंटरों पर बड़ी कार्रवाई, 29 महिलाओं को रेस्क्यू कराया; 15 आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली में स्पा और मसाज सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने 26 नवंबर को चार स्पा सेंटरों पर एक साथ छापेमारी कर 29 महिलाओं को रेस्क्यू किया और 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने की स्पा सेंटरों पर बड़ी कार्रवाई, 29 महिलाओं को रेस्क्यू कराया; 15 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने की स्पा सेंटरों पर बड़ी कार्रवाई

नई दिल्ली। पुलिस ने यह कार्रवाई नबी करीम, पहाड़गंज और करोल बाग थाना क्षेत्रों में की। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने डिकॉय कस्टमर यानी ग्राहक बनकर अपने जवान भेजे और आरोपों की पुष्टि होने के बाद छापेमारी की। इस दौरान चार कथित देह व्यापार के रैकेट का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की हैं।

नबी करीम के स्पा सेंटर से 6 महिलाएं रेस्क्यू

पुलिस के मुताबिक, 26 नवंबर को एसआई नीरज राठी को सूचना मिली थी कि पहाड़गंज के राम नगर स्थित रतनलाल बिल्डिंग की पहली मंजिल पर A-One Spa & Saloon में कथित रूप से देह व्यापार चल रहा है। इसके बाद थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम बनाई गई और हेड कांस्टेबल विकास राठी को ग्राहक बनाकर सेंटर भेजा गया। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने छापा मारा, जहां से 6 महिलाओं को रेस्क्यू किया गया और स्पा के मालिक, सह-मालिक, मैनेजर सहित 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। 

ये भी पढ़ें: कटनी में दो स्पा सेंटरों पर दबिश: 10 महिलाओं सहित 16 हिरासत में

पहाड़गंज के स्पा सेंटर में मैनेजर पर आरोप

दूसरी कार्रवाई पहाड़गंज के मेन बाजार स्थित 6 टूटी चौक के पास Organic Spa में की गई। पुलिस को यहां मसाज सर्विस की आड़ में कथित रूप से देह व्यापार संचालित होने की सूचना मिली थी। जांच के लिए एक पुलिसकर्मी को डिकॉय कस्टमर बनाकर भेजा गया, जिसके बाद छापेमारी की गई। पुलिस के अनुसार, स्पा मैनेजर संप्रिता झा (38) ग्राहकों को मसाज के नाम पर अतिरिक्त सेवाएं उपलब्ध कराने में शामिल थी। कार्रवाई के दौरान 3 महिलाओं को रेस्क्यू किया गया। पुलिस ने मौके से 5 हजार रुपए नकद, तीन अप्रयुक्त गर्भनिरोधक सामग्री, एक रजिस्टर और पेन बरामद किया।

करोल बाग के मौर्य स्पा से 10 महिलाएं रेस्क्यू

करोल बाग में पुलिस ने दो अलग-अलग स्पा सेंटरों पर कार्रवाई की। पहली टीम ने WEA इलाके में पंजाब स्वीट्स के पास दूसरी मंजिल पर संचालित Maurya Spa में छापा मारा। यहां डिकॉय कस्टमर बने कांस्टेबल हरिओम ने कथित अतिरिक्त सेवा के लिए 1,500 रुपए एडवांस दिए, जिससे पुलिस को सूचना की पुष्टि करने में मदद मिली। छापेमारी के दौरान 10 महिलाओं को रेस्क्यू किया गया और स्पा के दो मैनेजर शुभंकर और निधि सोनी सहित चार लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने मौके से 1,500 रुपए की डिकॉय राशि, तीन 500 रुपए के नोट, ग्राहक रजिस्टर का एक पन्ना और गर्भनिरोधक सामग्री के तीन पैकेट बरामद किए। 

हेरिटेज स्पा से भी 10 महिलाएं रेस्क्यू

पुलिस की दूसरी टीम ने WEA के टैंक रोड स्थित Heritage Spa में छापेमारी की। यहां डिकॉय कस्टमर बने कांस्टेबल सुमित ने अतिरिक्त सेवा के लिए 1,000 रुपए नकद और 1,000 रुपए ऑनलाइन भुगतान किए। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 महिलाओं को रेस्क्यू किया और रिसेप्शनिस्ट-कम-मैनेजर सूरज (20) को हिरासत में लिया। इस मामले में भी अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धाराओं 3, 4 और 5 के तहत एफआईआर नंबर 1251/2026 दर्ज की गई है।

Breaking News

पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराने पर भी कार्रवाई

छापेमारी और जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कुछ स्पा सेंटरों में काम करने वाले कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराया गया था। संबंधित मैनेजरों ने इसके पीछे कामकाज की व्यवस्था और व्यस्तता का हवाला दिया। इस लापरवाही पर पटेल नगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 223(a) के तहत एफआईआर नंबर 364/2026 और 365/2026 दर्ज की हैं। पुलिस ने सभी सेंटरों से नकदी, ग्राहक रजिस्टर, गर्भनिरोधक सामग्री, लाइसेंस से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई का उद्देश्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के साथ ही स्पा सेंटरों में नियमों का पालन सुनिश्चित करना है।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...

Latest Posts