रायसेन। रायसेन जिले में वनविभाग की अमरावद नर्सरी में ड्यूटी पर तैनात डिप्टी रेंजर राकेश शर्मा और एक महिला श्रमिक को दिन-दहाडे गोली मार दी गई। इससे गंभीर घायल डिप्टी रेंजर और महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराने के बाद हालत गंभीर होने पर दोनों को एम्स भोपाल रैफर कर दिया गया। वहीं गोली मारने का आरोपी बाद में नर्सरी में के ही एक पेड़ पर फांसी पर झूल गया।
इस बारे में रायसेन पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के अनुसार घटना दोपहर बाद की है, जब अमरावद नर्सरी में आरोपी गुड्डा ने डिप्टी रेंजर राकेश शर्मा और वहीं कार्यरत महिला दैनिक कर्मचारी सुमन बाई (सावित्री) को देसी कट्टे से गोली मार दी। इस धमाके से नर्सरी में अफरा तफरी मच गई। गोली लगने से डिप्टी रेंजर और महिला कर्मी लहू लुहान होकर गिर पडे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी गुड्डा लोधी, जो पहले अमरावद नर्सरी में कर्मचारी रह चुका था, अचानक नर्सरी परिसर पहुंचा। वहां ड्यूटी पर मौजूद डिप्टी रेंजर राकेश शर्मा से किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद कुछ ही देर में उग्र हो गया और आरोपी ने अपने पास रखे अवैध देसी कट्टे से तीन राउंड फायर कर दिए। गोलियां डिप्टी रेंजर राकेश शर्मा और वहां मौजूद सावित्री बाई को लगीं।
गोली मारने के बाद आरोपी गुड्डा ने वहीं नर्सरी में एक पेड़ पर चढ़कर फांसी का फंदा बनाया और गले में डाल कर झूल गया। नतीजे में उसकी भी मौत हो गई। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी गुड्डा भी नर्सरी में श्रमिक था और लंबे समय से कार्यरत था। बाद में किसी विवाद के चलते डिप्टी रेंजर ने गुड्डा को नौकरी से निकाल दिया था। तब से ही गुड्डा रंजिश रखता था और वहीं घूमता रहता था।
गोली लगने से घायल डिप्टी रेंजर और महिला कर्मी को लेकर पुलिस टीम जिला अस्पताल पहुंची। यह खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई। वहीं डीएफओ रायसेन प्रतिभा शुक्ला और अन्य वन अधिकारी मौके पर पहुुंच गए। हालांकि अमरावद नर्सरी के प्रभारी डीएफओ विजय कुमार सुंडा हैं, जोकि संचालक वन विहार के साथ ही भोपाल पर्यावरण वानिकी के भी प्रभार में हैं।
जिला अस्पताल रायसेन पहुंचे घायल राकेश शर्मा और महिला वन कर्मी सुमन बाई की स्थिति स्थिर है और उनकी देखभाल में डॉक्टरों की टीम जुटी है। वहीं पुलिस टीम ने मौके से कट्टा बरामद कर लिया है और घटना के पीछे के कारणो को तलाशने में जुटी है, ताकि पता चल सके कि हत्यारे के पास कट्टा और गोली कहां से आर्इं और हत्या की असली वजह क्या है।
डीएफओ रायसेन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी गोलीकांड के बाद जिला अस्पताल पहुंच गए हैं और घायलों की देखभाल में जुटे हैं। डॉक्टरों की सलाह पर जरुरत हुई तो एम्स भोपाल के लिए रैफर होने पर लेकर आएंगे।
क्षितिज कुमार, वन सरंक्षक, भोपाल संभाग
गोलीकांड की सूचना मिलते ही एडीशनल एसपी के साथ पुलिस टीम नर्सरी पहुंची। पेड़ पर लटकी आरोपी की लाश को उतार कर पीएम के लिए भेजा गया। मौके से जिस कट्टे से गोली चली है उसको बरामद कर लिया गया है। वहीं जिला अस्पताल में भर्ती डिप्टी रेंजर और महिला कर्मी से डॉक्टरों की सहमति के बाद पूछताछ होगी। प्रारंभिक जांच में आरोपी को नौकरी से निकालने की वजह सामने आई है। वैसे घटना की विस्तृत जांच के बाद ही साफ हो सकेगा कि असली वजह क्या थी।
आशुतोष गुप्ता, पुलिस अधीक्षक, जिला रायसेन