रेल मंत्री ने बताई आंध्र प्रदेश में हुए रेल हादसे की वजह, कहा- फोन पर क्रिकेट मैच देख रहे थे लोको पायलट; 14 लोगों की गई थी जान

नई दिल्ली। 29 अक्टूबर, 2023 को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में हुए ट्रेन हादसे को लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। इस हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 50 से अधिक यात्री घायल भी हुए थे। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को बताया कि, जिन दो पैसेंजर ट्रेनों की टक्कर हुई थी, उनमें से एक ट्रेन का पायलट और को-पायलट फोन पर क्रिकेट मैच देख रहे थे। रेलवे की शुरुआती जांच में दोनों को हादसे के लिए जिम्मेदार माना गया था, क्योंकि उन्होंने दो लाल सिग्नल पार कर दिए थे।
रेल मंत्री ने बताई हादसे की वजह
रेल मंत्री ने बताया कि, आंध्र प्रदेश में यह दुर्घटना इस कारण हुई, क्योंकि लोको पायलट और सह-पायलट दोनों का ध्यान क्रिकेट मैच की वजह से भटक गया था। हम ऐसी प्रणाली स्थापित कर रहे हैं जो यह सुनिश्चित कर सकती है कि पायलट और सहायक पायलट का ध्यान पूरी तरह से ट्रेन चलाने पर रहे। हम हर घटना का मूल कारण जानने का प्रयास करते हैं ताकि इसकी पुनरावृत्ति न हो।




















