राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की झांकी निकालेगी कांग्रेस, अनंत चतुर्दशी के लिए प्रशासन से मांगी अनुमति

इंदौर। राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ को लेकर कांग्रेस ने अब अनंत चतुर्दशी के चल समारोह में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की तैयारी शुरू कर दी है। जिला कांग्रेस ने प्रशासन से ‘छात्रों की गूंज’ विषय पर झांकी निकालने की अनुमति मांगी है। कांग्रेस ने इसे गैर-राजनीतिक और युवाओं से जुड़े मुद्दों को रचनात्मक तरीके से सामने रखने वाली झांकी बताया है।जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने कलेक्टर के नाम दिए पत्र में कहा कि इंदौर का अनंत चतुर्दशी चल समारोह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि शहर की सामाजिक, सांस्कृतिक और देशभक्ति की भावनाओं को प्रदर्शित करने वाली गौरवशाली परंपरा है। झांकियों के माध्यम से समय-समय पर समसामयिक विषयों को भी लोगों के सामने रखा जाता रहा है।
ये भी पढ़ें: मानसून की विदाई से पहले आखिरी आस! यशवंत सागर 3 फीट खाली, बिलावली आधा भी नहीं भरा
इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस युवाओं की आवाज, उनके अधिकार, आकांक्षाओं और देश के भविष्य में उनकी भूमिका को केंद्र में रखकर ‘छात्रों की गूंज’ थीम पर झांकी निकालना चाहती है।कांग्रेस ने प्रशासन को दिए पत्र में स्पष्ट किया है कि झांकी का उद्देश्य किसी राजनीतिक दल का प्रचार करना नहीं है। विद्यार्थियों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को सांस्कृतिक और रचनात्मक माध्यम से समाज तक पहुंचाना इसका उद्देश्य बताया गया है। पार्टी ने प्रशासन के सुरक्षा, यातायात और अन्य सभी नियमों का पालन करने की बात भी कही है।वानखेड़े के मुताबिक झांकी के जरिए विद्यार्थियों को समाज और देशहित में आगे आने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: सात करोड़ के आभूषणों से सजे खजराना गणपति, चढ़ाए गए हीरे जड़ित नए नेत्र
रजिस्ट्रेशन के साथ चाय-पोहे का इंतजाम
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के प्रचार और विद्यार्थियों के पंजीयन को लेकर कांग्रेस सेवादल भी सक्रिय हो गया है। जिला अध्यक्ष मुकेश यादव के अनुसार मंगलवार से भंवरकुआं क्षेत्र के भोलाराम उस्ताद मार्ग पर स्टॉल लगाया जाएगा। यहां विद्यार्थी और युवा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपना पंजीयन करा सकेंगे। स्टॉल पर आने वाले युवाओं के लिए चाय-पोहे की व्यवस्था भी रहेगी।
ये भी पढ़ें: सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में सात दिवसीय हाथी महोत्सव का शुभारंभ, छह हाथियों को मिलेगा
कोचिंग क्लास पहुंचीं रीना बौरासी, मिनटों में 1835 रजिस्ट्रेशन
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया गीता भवन चौराहा क्षेत्र की कोचिंग क्लासेस में पहुंचीं और विद्यार्थियों से ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर संवाद किया। इस दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साह दिखाते हुए अपना पंजीयन कराया। कांग्रेस के अनुसार कुछ ही मिनटों में 1835 विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कर लिया।विद्यार्थियों ने परीक्षा आयोजन और कथित अनियमितताओं को लेकर अपनी परेशानियां भी साझा कीं। उनका कहना था कि वे लंबे समय से इन मुद्दों को अखबारों और सोशल मीडिया के माध्यम से देख रहे हैं। विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि सरकार और परीक्षा एजेंसी की कार्यप्रणाली को लेकर उनमें नाराजगी है और निष्पक्ष प्रतियोगी परीक्षा को लेकर उनकी उम्मीदें कम हुई हैं।विद्यार्थियों ने रीना बौरासी सेतिया से कहा कि राहुल गांधी उनकी समस्याओं को उठा रहे हैं, इसलिए उन्हें उम्मीद है कि इन मुद्दों का समाधान हो सकता है। उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचकर अपनी समस्याएं सीधे रखने की बात कही।




















