सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में सात दिवसीय हाथी महोत्सव का शुभारंभ, छह हाथियों को मिलेगा
सोहागपुर। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में हाथियों के स्वास्थ्य, पोषण और समग्र कल्याण को समर्पित सात दिवसीय हाथी महोत्सव का शुभारंभ 14 सितंबर को कामती परिक्षेत्र के खरेर कैंप में फील्ड डायरेक्टर राखी नंदा द्वारा किया गया। यह जानकारी देते हुए एस टी आर के जनसंपर्क अधिकारी सहायक संचालक आशीष खोबरागड़े ने बताया कि महोत्सव 20 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। शुभारंभ अवसर पर वन्यप्राणी चिकित्सक, गुरुदत्त शर्मा सहायक संचालक सोहागपुर, एस पी मिठानी सहायक संचालक इटारसी, परिक्षेत्र अधिकारी कामती राहुल उपाध्याय सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
गश्ती और प्रबंधन कार्यों से विश्राम
महोत्सव के दौरान सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के छह हाथियों को नियमित गश्ती एवं वन्यजीव प्रबंधन कार्यों से विश्राम देकर विशेष देखभाल प्रदान की जा रही है। इस दौरान हाथियों को उनकी पसंद के गन्ना, मक्का, नारियल तथा विभिन्न मौसमी फलों से युक्त पौष्टिक आहार दिया जाएगा। साथ ही प्रतिदिन नीम एवं अरंडी के तेल से मालिश भी की जाएगी।
होगा विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण
सात दिनों के दौरान सभी हाथियों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। इसमें उनके वजन, लंबाई एवं ऊंचाई का मापन तथा आवश्यकता के अनुसार दांतों की ट्रिमिंग भी की जाएगी। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान जबलपुर स्थित वन्यजीव स्वास्थ्य एवं फॉरेंसिक विशेषज्ञों का सहयोग लिया जाएगा।
महावत और चाराकटर भी महोत्सव का हिस्सा
हाथियों की देखभाल में वर्षों से समर्पित भाव से जुटे महावत एवं चाराकटरों के स्वास्थ्य और उत्साह का भी महोत्सव में विशेष ध्यान रखा गया है। उनका मेडिकल चेकअप कराया जाएगा तथा उनके लिए विभिन्न खेल एवं मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। महोत्सव के समापन दिवस पर कबड्डी एवं रस्साकशी प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी।
विश्वास और आत्मीयता मजबूत करने की पहल
हाथी महोत्सव केवल हाथियों को विश्राम और बेहतर स्वास्थ्य प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हाथी, महावत और चाराकटर के बीच वर्षों से बने विश्वास, आत्मीयता और भावनात्मक संबंध को और मजबूत करने की विशेष पहल है। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में वन्यजीव प्रबंधन और संरक्षण कार्यों में हाथियों की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए उनके कल्याण के लिए आयोजित यह महोत्सव विभाग की संवेदनशील और मानवीय पहल के रूप में देखा जा रहा है।























