पैकेट बंद खाने को लेकर सुप्रीम कोर्ट सख्त, पैकेट पर लगेंगे अलग-अलग चेतावनी लेबल

सुप्रीम कोर्ट ने पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर फ्रंट-ऑफ-पैक न्यूट्रिशन लेबलिंग को अनिवार्य करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत ज्यादा फैट, शुगर और नमक वाले उत्पादों पर अलग-अलग षट्कोणीय चेतावनी लेबल लगाने की बात कही गई है। अदालत ने FSSAI को इनके लिए सीमा तय करने और ऐसे नियम बनाने को कहा है, जिससे ग्राहकों को उत्पाद खरीदते समय उसकी वास्तविक गुणवत्ता की जानकारी मिल सके।
भारत में कम गुणवत्ता वाले प्रोडक्ट बेचने पर जताई चिंता
गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता और पैकेजिंग से जुड़े मामले की सुनवाई हुई। जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने कहा कि कई कंपनियां पश्चिमी देशों की तुलना में भारत में कम गुणवत्ता वाले खाद्य उत्पाद बेच रही हैं। अदालत ने इस स्थिति को चिंताजनक बताते हुए कंपनियों के व्यवहार पर सवाल उठाए।
पैकेट पर न्यूट्रिशन लेबलिंग होगी जरूरी
सुप्रीम कोर्ट ने पैकेट में बिकने वाले खाद्य पदार्थों पर फ्रंट-ऑफ-पैक न्यूट्रिशन लेबलिंग अनिवार्य करने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य ग्राहकों को पैकेट के सामने ही यह जानकारी देना है कि वे जिस उत्पाद को खरीद रहे हैं, उसमें कितनी मात्रा में फैट, शुगर और नमक मौजूद है। इससे ग्राहक खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को समझकर खरीदारी कर सकेंगे।
मल्टीनेशनल कंपनियों के दोहरे व्यवहार पर सवाल
अदालत ने कहा कि भारत में काम करने वाली कई मल्टीनेशनल फूड बिजनेस ऑपरेटर्स (FBOs) दूसरे देशों में स्वेच्छा से न्यूट्रिशन लेबलिंग अपनाती हैं, लेकिन भारत में ऐसे नियमों का विरोध करती हैं। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि भारतीय ग्राहकों को भी अमेरिका और ब्रिटेन के नागरिकों की तरह सुरक्षा और उत्पादों से जुड़ी जानकारी पाने का अधिकार है। कंपनियों को सभी देशों में एक जैसे मानक अपनाने चाहिए।
फैट, शुगर और नमक के लिए अलग होंगे लेबल
यह निर्देश 3S and Our Health Society की ओर से दाखिल जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान दिए गए। अदालत ने कहा कि अधिक मात्रा में फैट, शुगर और नमक वाले खाद्य उत्पादों पर अलग-अलग चेतावनी लेबल होने चाहिए। ये लेबल षट्कोणीय आकार के होंगे और इनमें संबंधित अतिरिक्त पदार्थ की तस्वीर के साथ हाई फैट, हाई शुगर या हाई सॉल्ट जैसे शब्द भी लिखे होने चाहिए।
एक लेबल में नहीं दिखाई जाएंगी कई चेतावनियां
सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि फैट, शुगर और नमक की चेतावनियों को एक ही षट्कोणीय लेबल में शामिल नहीं किया जाना चाहिए। हर पदार्थ के लिए अलग-अलग चेतावनी लेबल लगाने होंगे। इसके साथ ही लेबल पर इस्तेमाल होने वाली तस्वीर और फॉन्ट का आकार इतना बड़ा होना चाहिए कि ग्राहक उसे आसानी से देख और पढ़ सकें।
FSSAI तय करेगा पोषक तत्वों की सीमा
अदालत ने एडेड शुगर और एडेड फैट के बजाय टोटल शुगर और सैचुरेटेड फैट को आधार बनाकर सीमा तय करने की बात कही है। इसके लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को आवश्यक मानक निर्धारित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा कोर्ट ने लेबल फटीग यानी लगातार चेतावनी लेबल देखने से ग्राहकों में पैदा होने वाली उदासीनता की समस्या पर भी चिंता जताई है। अदालत का जोर ऐसी व्यवस्था बनाने पर है, जिससे चेतावनियां प्रभावी रहें और ग्राहक उन्हें देखकर खाद्य उत्पादों के बारे में सही फैसला ले सकें।




















